LOADING...
भारत से मध्य-पूर्व जाने वाली 400 उड़ानें रद्द, खामेनेई की मौत के बाद श्रीनगर में प्रदर्शन
कुवैत हवाई अड्डे पर फंसे भारतीय

भारत से मध्य-पूर्व जाने वाली 400 उड़ानें रद्द, खामेनेई की मौत के बाद श्रीनगर में प्रदर्शन

लेखन आबिद खान
Mar 01, 2026
11:29 am

क्या है खबर?

इजरायल और ईरान के बीच युद्ध ने पूरे मध्य-पूर्व को अपनी चपेट में ले लिया है। इसका असर भारत पर भी दिखाई दे रहा है। भारत से मध्य-पूर्व जाने वाली 400 से ज्यादा उड़ानें रद्द हो गई हैं। दुबई हवाई अड्डे से ड्रोन टकराने के बाद वहां उड़ानों का संचालन प्रभावित हुआ है, जिसके चलते भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु समेत सैकड़ों लोग वहां फंस गए हैं। दिल्ली और मुंबई हवाई अड्डों पर भी लोग फंसे हुए हैं।

उड़ानें

आज रद्द हो सकती हैं 444 उड़ानें

नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने कहा कि अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच लड़ाई शुरू होने के बाद शनिवार को 410 उड़ानें रद्द की गई थीं।मंत्रालय का कहना है कि आज भी 444 उड़ानें रद्द हो सकती हैं। वहीं, नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने एडवाइजरी जारी कर मध्य-पूर्व और खाड़ी हवाई क्षेत्र में बढ़ते खतरों को लेकर चेतावनी दी गई है। DGCA ने भारतीय एयरलाइंस को सलाह दी है कि वे प्रभावित एयरस्पेस में संचालन न करें।

भारतीय

पुरुष बास्केटबॉल टीम के खिलाड़ी दोहा में फंसे

पीवी सिंधु के पिता ने बताया कि भारतीय दूतावास ने सिंधु के होटल में ठहरने की व्यवस्था की है। वे मंगलवार से शुरू हो रहे ऑल इंग्लैंड ओपन के लिए दुबई होते हुए बर्मिंघम जा रही थीं। अभिनेत्री सोनल चौहान भी दुंबई में फंसी हुई हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मदद मांगी है। भारतीय सीनियर पुरुष राष्ट्रीय बास्केटबॉल टीम के खिलाड़ी भी बास्केटबॉल विश्व कप एशियाई क्वालीफायर में खेलने के बाद कतर में फंस गए हैं।

Advertisement

यात्री

दिल्ली, मुंबई हवाई अड्डों पर भी यात्री परेशान 

कई भारतीय हवाई अड्डों पर सैकड़ों यात्री फंसे हुए हैं। कोलकाता, मुंबई, बेंगलुरु और दिल्ली समेत कुछ हवाई अड्डों से यात्रियों के फंसे होने की खबरें सामने आई हैं। इन हवाई अड्डों से मध्य-पूर्व जाने वाली सभी और यूरोप जाने वाली कुछ उड़ानें रद्द हुई हैं। हवाई अड्डों ने एडवाइजरी जारी कर यात्रियों से घर से निकलने से पहले उड़ान का स्टेट्स चेक करने की सलाह दी है। यात्रियों के लिए विशेष हेल्प डेस्क भी शुरू की गई है।

Advertisement

प्रदर्शन

कश्मीर के कई हिस्सों में प्रदर्शन

ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह अली खामेनेई की मौत के विरोध में कश्मीर के कई हिस्सों में प्रदर्शन हुए। सैकड़ों प्रदर्शनकारी सड़कों पर उतर आए और अमेरिका-इजरायल विरोधी नारे लगाए। लखनऊ में शिया धर्मगुरु मौलाना कल्बे जवाद ने कहा, "यह सदी के सबसे दुखद शब्दों में से हैं कि इतनी महान हस्ती, जिसने हमेशा दबे-कुचले लोगों के लिए आवाज उठाई, वह चला गया। वह कभी किसी से नहीं डरा, यहां तक कि सबसे बड़ी ताकतों से भी नहीं।"

मंत्रालय

विदेश मंत्रालय ने भी जारी की एडवाइजरी

विदेश मंत्रालय ने कहा, "भारत में सभी विदेशी नागरिक, जिन्हें पश्चिम एशिया क्षेत्र में चल रहे घटनाक्रम के कारण अपनी यात्रा की योजना बदलनी पड़ी है और जिन्हें अपने वीजा को बढ़ाने या अपने निवास को नियमित करने में मदद की जरूरत है, उनसे अनुरोध है कि वे नजदीकी विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय (FRRO) से संपर्क करें। FRRO जरूरी औपचारिकताओं में मदद करेगा। FRRO कार्यालयों के लिए संपर्क की जानकारी आधिकारिक सरकारी चैनलों के माध्यम से उपलब्ध हैं।"

Advertisement