अमेरिका-इजराइल के हमले में खामेनेई की मौत, ईरान में 40 दिन का राष्ट्रीय शोक घोषित
क्या है खबर?
इजरायल और अमेरिका के संयुक्त हमलों में ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत हो गई है। उनकी बेटी, दामाद, पोती और बहू भी हमलों में मारे गए हैं। खामेनेई की मौत के बाद ईरानी इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (IRGC) ने दुख जताया है। वहीं, ईरान में 40 दिन के सार्वजनिक शोक की घोषणा की गई है। 7 दिन के लिए सभी सरकारी प्रतिष्ठानों को भी बंद रखा जाएगा।
बयान
IRGC ने कहा- बदला लेंगे
IRGC ने सरकारी टीवी पर सुप्रीम लीडर अली खामेनेई की मौत की पुष्टि के बाद, उनके हत्यारों को सजा देने का वादा किया है। IRGC ने एक बयान में कहा, "हमने एक महान नेता खो दिया है और हम उनके लिए दुख मनाते हैं। उम्माह के इमाम के हत्यारों को कड़ी, पक्की और अफसोसनाक सजा देने के लिए ईरानी राष्ट्र का बदला लेने का हाथ उन्हें जाने नहीं देगा। IRGC घरेलू और विदेशी साजिशों का डटकर सामना करेगा।"
ट्रंप का बयान
ट्रंप बोले- खामेनेई हमारे ट्रैकिंग सिस्टम से बच नहीं सका
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने लिखा, 'इतिहास के सबसे बुरे लोगों में से एक खामेनेई मारा गया। वह हमारे इंटेलिजेंस और एडवांस्ड ट्रैकिंग सिस्टम से बच नहीं सका। ईरानी लोगों के लिए अपना देश वापस लेने का यह सबसे बड़ा मौका है। हम सुन रहे हैं कि IRGC, सेना और पुलिस अब लड़ना नहीं चाहते हैं। उम्मीद है IRGC और पुलिस शांति से ईरानी देशभक्तों के साथ मिलकर देश को महानता पर वापस लाने के लिए मिलकर काम करेंगे।'
नेतन्याहू का बयान
नेतन्याहू ने कहा- खामेनेई के मारे जाने के संकेत
इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई के मारे जाने के संकेत है। उन्होंने कहा, "आज ईरान पर हुए हमलों में सुप्रीम लीडर अयातुल्ला खामेनेई का कंपाउंड तबाह हो गया और रिवोल्यूशनरी गार्ड कमांडर और वरिष्ठ अधिकारी मारे गए। ऐसे कई संकेत हैं, जो बताते हैं कि ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई 'अब नहीं रहे'।" हालांकि, नेतन्याहू ने इससे जुड़े कोई सबूत नहीं दिए थे।
नई नियुक्ति
IRGC बोला- इतिहास का सबसे खतरनाक हमला शुरू करेंगे
ईरान की फार्स समाचार एजेंसी के मुताबिक, ईरानी सेना ने खतरनाक अभियान की शुरुआत की घोषणा की है। IRGC ने कहा कि यह हमला बस कुछ ही पलों में शुरू होगा और इस इलाके में कब्जे वाले इलाकों और अमेरिकी आतंकवादी ठिकानों को निशाना बनाया जाएगा। वहीं, ईरान ने ब्रिगेडियर जनरल अहमद वाहिदी को नया कमांडर इन चीफ नियुक्त किया है। इस बीच इजरायल ने ईरान में 30 जगहों पर हमला किया है।