Page Loader
अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी पर अमेरिका के हस्तक्षेप पर भारत का जवाब, कहा- अनुचित और अस्वीकार्य
अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी को लेकर अमेरिका को भारत ने जवाब दिया

अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी पर अमेरिका के हस्तक्षेप पर भारत का जवाब, कहा- अनुचित और अस्वीकार्य

लेखन गजेंद्र
Mar 28, 2024
05:08 pm

क्या है खबर?

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद अमेरिका की ओर से सवाल उठाए जाने पर केंद्र सरकार ने इसे अनुचित बताते हुए जवाब दिया है। गुरुवार को नियमित प्रेस कॉन्फ्रेंस में विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, "कल भारत ने अमेरिकी विदेश विभाग द्वारा की गई टिप्पणियों के संबंध में संयुक्त राज्य दूतावास के एक वरिष्ठ अधिकारी के समक्ष अपनी कड़ी आपत्ति और विरोध दर्ज कराया है। उनकी हाल में की गई टिप्पणियां अनुचित हैं।"

जवाब

विदेश मंत्रालय ने आगे क्या कहा?

विदेश मंत्रालय की ओर से जायसवाल ने कहा, "भारत में, कानूनी प्रक्रियाएं कानून के शासन द्वारा संचालित होती हैं। जिस किसी के भी समान लोकाचार हैं, खासकर साथी लोकतंत्रों को इस तथ्य की सराहना करने में कोई कठिनाई नहीं होनी चाहिए। भारत को अपने लोकतंत्र पर गर्व है।" उन्होंने कहा, "आपसी सम्मान और समझ अंतरराष्ट्रीय संबंधों की नींव बनाती है और राज्यों से दूसरों की संप्रभुता और आंतरिक मामलों का सम्मान करने की उम्मीद की जाती है।"

बयान

क्या बोला था अमेरिका?

अमेरिकी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता मैथ्यू मिलर ने कहा था कि वह अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी सहित बाकी कार्रवाइयों पर बारीकी से नजर रखना जारी रखेंगे। उन्होंने कहा था कि वह निष्पक्ष, पारदर्शी और समय पर कानूनी प्रक्रियाओं को अंजाम तक पहुंचाने का समर्थन करते हैं और इस पर किसी को आपत्ति नहीं होनी चाहिए। तब भारत ने अमेरिका के राजनयिक को तलब कर आपत्ति जताई थी। इसके बाद अमेरिका ने अपने रुख पर कायम रहने की बात कही थी।