Page Loader
भारत ने फिर अपने नागरिकों को तत्काल यूक्रेन छोड़ने को कहा, एक हफ्ते में दूसरी एडवाइजरी
भारत ने अपने नागरिकों से तत्काल यूक्रेन छोड़ने को कहा

भारत ने फिर अपने नागरिकों को तत्काल यूक्रेन छोड़ने को कहा, एक हफ्ते में दूसरी एडवाइजरी

Oct 26, 2022
11:18 am

क्या है खबर?

भारत ने एक बार फिर एडवाइजरी जारी करते हुए यूक्रेन में रह रहे अपने नागरिकों को तत्काल देश छोड़ने को कहा है। बीते एक हफ्ते में ये भारत की तरफ से जारी की गई ऐसी दूसरी एडवाइजरी है। इससे पहले 19 अक्टूबर को भी भारत ने रूस के बढ़ते हमलों को देखते हुए अपने नागरिकों और छात्रों से यूक्रेन छोड़ने को कहा था। इसमें भारतीय नागरिकों को यूक्रेन की यात्रा न करने की सलाह भी दी गई थी।

एडवाइजरी

एडवाइजरी में क्या कहा गया है?

मंगलवार को कीव स्थित भारतीय दूतावास द्वारा जारी की गई ताजा एडवाइजरी में कहा गया है, "पिछली एडवाइजरी के ही क्रम में यूक्रेन में रह रहे सभी भारतीय नागरिकों को उपलब्ध साधनों से तत्काल यूक्रेन छोड़ने की सलाह दी जाती है।" दूतावास ने सीमा तक पहुंचने में मदद के लिए नागरिकों को +380933559958, +380635917881 और +380678745945 नंबरों पर संपर्क करने और सीमा पार करने के लिए उपलब्ध विकल्पों के लिए दूतावास की वेबसाइट चेक करने को कहा है।

जानकारी

भारतीय नागरिकों को दी गई इन रास्तों से यूक्रेन छोड़ने की सलाह

एडवाइजरी में भारतीय नागरिकों को रोमानिया, पोलैंड, हंगरी, माल्डोवा और स्लोवाकिया के रास्ते यूक्रेन छोड़ने की सलाह दी गई है। इसमें माल्डोवा के अलावा बाकी सभी देशों में स्थित दूतावासों के नंबर भी दिए गए हैं, जिनसे मदद के लिए संपर्क किया जा सकता है।

पिछली स्थिति

फरवरी में युद्ध शुरू होने पर यूक्रेन में फंस गए थे हजारों भारतीय छात्र

बता दें कि हजारों भारतीय छात्र मेडिकल की पढ़ाई के लिए यूक्रेन जाते हैं और फरवरी में जब रूस-यूक्रेन युद्ध शुरू हुआ था, तब लगभग 20,000 छात्र यूक्रेन में ही फंस गए थे। तब भी भारत सरकार ने उन्हें एडवाइजरी जारी की थी, लेकिन छात्रों के इसे गंभीरता से न लेने और देश छोड़ने के पर्याप्त साधन नहीं मिलने के कारण हजारों छात्र यूक्रेन में ही फंस गए थे। भारत सरकार विशेष अभियान चलाकर इन छात्रों को वापस लाई थी।

यूक्रेन युद्ध

रूस ने तेज कर दिए हैं यूक्रेन पर हमले, ईरानी ड्रोन से किया जा रहा हमला

भारत ने एडवाइजरी ऐसे समय पर जारी की हैं जब रूस ने यूक्रेन पर हमले तेज कर दिए हैं। 17 अक्टूबर को ही रूस ने राजधानी कीव समेत यूक्रेन के कई शहरों पर मिसाइलों और ड्रोन्स से हमला किया था जिसमें कई नागरिक मारे गए। जिन ड्रोन्स से हमला किया गया, उन्हें ईरानी बताया जा रहा है और इसी कारण यूक्रेन ईरान से राजनयिक संबंध तोड़ने पर विचार कर रहा है। रुस ने परमाणु हमले की धमकी भी दी है।

स्थिति

हालिया समय में रूस को युद्ध में लगे हैं कई बड़े झटके

बता दें कि रूस ने 24 फरवरी को यूक्रेन पर हमला किया था और तभी से दोनों देशों में युद्ध जारी है। हालिया समय में युद्ध में रूस को कई बड़े झटके लगे हैं और यूक्रेनी सेना कई शहरों को उसके कब्जे से छुड़ा चुकी है। स्थिति को देखते हुए रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने तीन लाख रिजर्व सैनिकों की तैनाती का ऐलान किया था। उनकी इस घोषणा के बाद बड़ी संख्या में रूस के नागरिक देश छोड़कर भागे थे।