Page Loader
अफगानिस्तान पर हुए हमले की भारत ने निंदा की, पाकिस्तान को निशाने पर लिया
अफगानिस्तान पर पाकिस्तानी हमले हमले की भारत ने निंदा की

अफगानिस्तान पर हुए हमले की भारत ने निंदा की, पाकिस्तान को निशाने पर लिया

लेखन गजेंद्र
Jan 06, 2025
05:05 pm

क्या है खबर?

अफगानिस्तान पर किए गए पाकिस्तानी हमले की भारत ने निंदा की है। इसको लेकर सोमवार को विदेश मंत्रालय ने एक बयान जारी किया है। मंत्रालय ने कहा, "हमने अफगानिस्तान में हवाई हमलों की मीडिया रिपोर्ट देखी है, जिसमें महिलाओं और बच्चों समेत कई कीमती जानें गई हैं। हम निर्दोष नागरिकों पर किसी भी हमले की स्पष्ट रूप से निंदा करते हैं। अपनी आंतरिक विफलताओं के लिए अपने पड़ोसियों को दोषी ठहराना पाकिस्तान की पुरानी प्रथा है।"

हमला

हमले में मारे गए थे 46 अफगान नागरिक

पाकिस्तान की वायुसेना ने 24 दिसंबर को पक्तिका प्रांत के बरमन जिले में लमन समेत 7 गांवों को निशाना बनाकर हवाई बमबारी की थी। इस हमले में महिलाओं और बच्चों समेत 46 लोगों की मौत हुई है। बमबारी में एक ही परिवार के 5 सदस्यों की भी मौत हुई है। जिस दिन यह हमला हुआ, उस दिन पाकिस्तान के विशेष दूत काबुल में थे। इसके बाद अफगानिस्तान की तालीबान सरकार ने डूरंड रेखा के पास पाकिस्तानी ठिकानों को निशाना बनाया

हमला

पाकिस्तान ने क्यों किया था हमला?

तालिबान ने 2021 में अफगानिस्तान पर कब्जा किया। इसके बाद पाकिस्तान सरकार के साथ तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) का संघर्ष विराम नवंबर 2022 में समाप्त हो गया। तभी से पाकिस्तान में हमले बढ़ गए। इस्लामाबाद दावा करता है कि 2007 में स्थापित TTP के 30 से 35,000 लड़ाके और नेता अफगानिस्तान में छिपे हैं, जबकि काबुल इससे इंकार करता है। TTP ने पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा और बलूचिस्तान को अपना गढ़ बनाया है और 2022 से लगातार घातक हमले जारी हैं।