जम्मू-कश्मीर में बढ़ते आतंकी हमले सुरक्षाबलों के लिए कितनी बड़ी चुनौती?
क्या है खबर?
जम्मू-कश्मीर में हाल ही में आतंकी घटनाओं में बढ़ोतरी हुई है। 11 नवंबर को कुलगाम में एक CRPF चौकी पर हुई गोलीबारी में 3 जवान घायल हो गए थे। इसी दिन किश्तवाड़ से 2 विशेष पुलिस अधिकारियों (SPO) के लापता होने की खबर आई। अगले दिन दोनों के गोलियों से छलनी शव बरामद किए गए। दोनों के हथियार भी गायब थे। आइए इन हमलों के पीछे का पैटर्न और चुनौती समझने की कोशिश करते हैं।
कुलगाम हमला
कुलगाम हमले में दिखाई दिया पहले से मिलता-जुलता पैटर्न
कुलगाम हमले में सुरक्षाबलों को पिछले हमलों से मिलता-जुलता पैटर्न दिखाई दे रहा है। ये हमला 'हिट-एंड-रन' पैटर्न पर हुआ: आतंकी जंगलों से CRPF की चौकी पर आए, गोलीबारी की और फिर जंगलों में ही भाग निकले।
जांचकर्ताओं का मानना है कि गोली चलाकर भागने का तरीका जुलाई में हुए आतंकी हमलों के तरीके से मेल खाता है। तब भी जवानों पर अचानक गोलीबारी हुई थी और आतंकी भाग निकला था।
किश्तवाड़ हमला
किश्तवाड़ हमले में क्या पैटर्न दिखाई दे रहा है?
किश्तवाड़ में 2 SPO पहले लापता हुए फिर उनकी लाश मिला। आशंका है कि दुर्गम इलाके में उन पर घात लगाकर हमला किया गया।
इस तरह के हमले पहले भी देखे गए हैं, क्योंकि चिनाब घाटी में आतंकवादी घने जंगलों वाले ऊंचे इलाकों में अलग-थलग या कमजोर लक्ष्यों को निशाना बनाते हैं।
यहां वास्तविक समय में निगरानी की कमी है और मोबाइल नेटवर्क भी कमजोर होते हैं। पहले भी इस इलाके में कई मुठभेड़ हो चुकी हैं।
एजेंसियां
एजेंसियों का शक- अलग-अलग स्थानीय आतंकी मॉड्यूल ने किए हमले
एजेंसियों का मानना है कि दोनों घटनाओं में अंतर इशारा कर रहा है कि ये हमले किसी संगठित, अंतरक्षेत्रीय कमान संरचना के बजाय अलग-अलग स्थानीय आतंकी मॉड्यूल द्वारा संचालित थीं।
इंडिया टुडे ने सूत्रों के हवाले से बताया कि किश्तवाड़ हमले से भूमिगत कार्यकर्ताओं (OGW) के नेटवर्क की ओर भी संकेत मिलता है।
पिछले हमलों में, खुफिया जानकारी मुहैया कराने और सहायता प्रदान करने के आरोप में सुरक्षा बलों ने दर्जनों OGW को गिरफ्तार किया था।
विशेषज्ञ
क्या कह रहे हैं विशेषज्ञ?
लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) केजेएस ढिल्लों ने कुलगाम हमले को पाकिस्तान का 'हताशा भरा कृत्य' बताया।
उन्होंने कहा, "इस्लामाबाद ध्यान भटकाने, घाटी में शांति की स्थापना और शीतकालीन पर्यटन सीजन को बाधित करने के लिए कश्मीर कार्ड का सहारा ले रहा है। आतंकवादियों द्वारा किए जाने वाले आत्मघाती हमलों की जगह अब अचानक हमले कर भागने की रणनीति ने ले ली है, क्योंकि आतंकवादियों की संख्या कम हो गई है। इससे कमजोर और आसान लक्ष्यों को निशाना बनाया जा सकता है।"
बड़ा हमला
विशेषज्ञों ने जताई बड़े हमलों की आशंका
उत्तरी कमान के पूर्व जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ डीएस हुड्डा ने इंडिया टुडे से कहा, "मुझे नहीं लगता कि हमें यह उम्मीद करनी चाहिए कि अचानक सब कुछ खत्म हो जाएगा, क्योंकि ऐसे समूह और लोग हैं जो नुकसान पहुंचाना चाहते हैं। हो सकता है उनकी संख्या बहुत कम हो गई हो, लेकिन वे लोग अभी भी मौजूद हैं और अपनी मौजूदगी साबित करने पर तुले हुए हैं। मैं बड़े हमलों की संभावना से बिल्कुल भी इनकार नहीं करता।"