महिला को 91 की उम्र में मिला पासपोर्ट, 96 की उम्र में घूम लिए सातों महाद्वीप
क्या है खबर?
जिस उम्र में लोग बिस्तर से उठकर अपने खुद के काम तक नहीं कर पाते, उस उम्र में एक महिला दुनिया की सैर कर रही है। अमेरिका की रहने वाली एक महिला ने 91 की उम्र में पहली बार अपना पासपोर्ट बनवाया। अब 96 की उम्र में अपने पोते के साथ सभी 7 महाद्वीपों की यात्रा करके उन्होंने पूरी दुनिया को प्रेरित किया है और चौका दिया है। उन्हें लोग प्यार से 'दादी जॉय' कह कर पुकारते हैं।
महिला
पोते संग पूरा कर रही हैं अपना सपना
महिला का नाम जॉय रयान है, जो अमेरिका के ऑहियो की रहने वाली हैं। वह अपने 45 साल के पोते ब्रैड रयान के साथ दुनिया की सैर करके अपना यात्रा का शौक बुढ़ापे में पूरा कर रही हैं।
इस साल सितंबर में दोनों ने थाईलैंड और ऑस्ट्रेलिया की यात्रा की, जिसके साथ उन्होंने सातों महाद्वीपों की अपनी यात्रा पूरी कर ली। उनकी सूची में ऑस्ट्रेलिया आखिरी महाद्वीप था, जहां जॉय ने कोआला और उनके बच्चों को देखकर खूब आनंद लिया।
यात्रा
2015 में शुरू हुआ घूमने का सिलसिला
जॉय आखिरकार अपना लक्ष्य पूरा कर लेने पर खुद पर गर्व महसूस करती हैं और लाखों लोगों के लिए प्रेरणा बन गई हैं। दादी-पोते की यात्राओं का सिलसिला 2015 में शुरू हुआ, जब ब्रैड ने जॉय संग ग्रेट स्मोकी माउंटेंस में कैंपिंग की थी।
इसके बाद उन्होंने मई 2023 तक अमेरिका के 63 राष्ट्रीय उद्यान घूम लिए थे। इसके बाद वे दुनिया के अन्य हिस्से देखना चाहते थे, जिसके चलते 91 की उम्र में जॉय का पासपोर्ट बनवाया गया।
पासपोर्ट
यात्रा ने सिखाई कई चीजें
पासपोर्ट मिलने ही इस दादी-पोते की जोड़ी ने अलग-अलग देशों की यात्रा करना शुरू कर दिया। दोनों ने केन्या और आयरलैंड समेत कई देश घूमे और सभी जगहों पर हजारों यादें बनाईं।
ब्रैड ने कहा कि उनकी यात्राओं ने उन्हें पुरानी कठिनाइयों से उबरने और जीवन में खुशियों का नया अध्याय शुरू करने में मदद की। दादी-पोता एक दूसरे से 10 साल तक दूर रहे थे, लेकिन अब दोनों ने मिलकर सातों महाद्वीपों की यात्रा का सपना पूरा कर दिखाया।
जानकारी
जॉय बन रही हैं मिसाल
जॉय हमें सिखाती हैं कि उम्र महज एक अंक है और अगर जज्बा और चाह हो तो व्यक्ति बुढ़ापे में भी अपने सपने पूरे कर सकता है। उनकी उम्र जरूर बढ़ी, लेकिन उन्होंने उसे अपनी यात्राओं में बाधा नहीं बनने दिया।