Loading...
कुलगाम हमले में 3 आतंकी शामिल होने का शक, पुलिस ने 500 लोगों से की पूछताछ
कुलगाम आतंकी हमले के बाद 500 से ज्यादा लोगों से पूछताछ की गई है (फाइल तस्वीर)

कुलगाम हमले में 3 आतंकी शामिल होने का शक, पुलिस ने 500 लोगों से की पूछताछ

लेखन आबिद खान
Nov 14, 2026
04:25 pm

क्या है खबर?

इस हफ्ते जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) जवानों पर हुए आतंकी हमले के बाद सुरक्षाबलों ने तलाशी अभियान तेज कर दिया है। इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक, पुलिस ने पिछले 3 दिनों में पूछताछ के लिए 500 से ज्यादा युवाओं को हिरासत में लिया है। पुलिस का मानना है कि इस हमले में लश्कर-ए-तैयबा (LeT) के आतंकी लतीफ अहमद भट का हाथ है, जिसे घाटी में इकलौता सक्रिय आतंकवादी माना जा रहा है।

रिपोर्ट

पूछताछ के बाद ज्यादातर युवा रिहा किए गए- अधिकारी

रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले 3 दिनों में पुलिस ने दक्षिण कश्मीर के हिस्सों खासतौर पर कुलगाम से 500 से ज्यादा युवाओं को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।

पुलिस सूत्रों का कहना है कि हिरासत में लिए गए अधिकांश युवाओं को पूछताछ के बाद रिहा कर दिया गया है।

एक अधिकारी ने कहा, "गिरफ्तार किए गए अधिकांश लोग अतीत में आतंकवादियों को समर्थन देने के कारण पुलिस की नजर में आए थे। अधिकांश को रिहा कर दिया गया है।"

आतंकी

पुलिस को शक- हमले में 3 आतंकी शामिल थे

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, "शुरुआती जांच से पता चला है कि हमले में कम से कम 3 आतंकवादी शामिल हो सकते हैं। इनमें से 2 के विदेशी नागरिक होने का संदेह है। हम पूरी स्थिति को स्पष्ट रूप से समझने के लिए इलाके के CCTV फुटेज की जांच कर रहे हैं। वहां एक दलदली इलाका है, जिसका फायदा उठाकर आतंकवादी पेड़ों और झाड़ियों की आड़ लेकर भाग निकले।"

ADVERTISEMENT

NIA

NIA टीम ने किया घटनास्थल का दौरा

13 नवंबर को राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) और राज्य जांच एजेंसी (SIA) की टीमों ने मीर बाजार के पास CRPF चौकी पर हमले वाली जगह का दौरा किया।

एक अधिकारी ने बताया कि टीमों ने वहां से फॉरेंसिक सबूत जुटाए और हमले से जुड़ी परिस्थितियों की जांच की।

टीमों ने इलाके का मुआयना किया और घटनास्थल से सैंपल जुटाए, ताकि पुलिस को घटनाओं का क्रम समझने और हमले में शामिल लोगों की पहचान करने में मदद मिल सके।

ADVERTISEMENT

दौरा

GOC लेफ्टिनेंट जनरल बलबीर सिंह ने भी घटनास्थल पहुंचे

15वीं कोर के GOC लेफ्टिनेंट जनरल बलबीर सिंह ने भी घटनास्थल का दौरा किया है। उनके साथ सेना, CRPF और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे।

हमले की जगह से एक मोटोरोला फोन और सिम कार्ड बरामद हुआ है, जिसकी जांच की जा रही है। अभी ये पता नहीं है कि ये मोबाइल हमलावरों का था या फिर हमले के दौरान वहां से गुजर रहे किसी आम नागरिक का।े

हमला

हमले में घायल हुए थे 3 CRPF जवान

11 नवंबर को कुलगाम के मीर बाजार इलाके के पास दोपहर करीब 2 बजे CRPF जवानों पर गोलीबारी हुई थी। इसमें हेड कॉन्स्टेबल सोनबीर सिंह और कॉन्स्टेबल संतनो चंद्रा और राकेश दास घायल हो गए थे।

समाचार एजेंसी PTI के मुताबिक, भारी हथियारों से लैस आतंकी जंगलों से आए और जवानों पर गोलीबारी कर दोबारा जंगलों की ओर भाग गए।

ये इलाका श्रीनगर से लगभग 75 किलोमीटर और जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग से एक किलोमीटर दूर है।

ADVERTISEMENT