HAL बोला- कोई तेजस विमान दुर्घटनाग्रस्त नहीं हुआ, केवल मामूली तकनीकी खराबी आई
क्या है खबर?
हिंदुस्तान एरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) ने तेजस लड़ाकू विमान के क्रैश होने की खबरों का खंडन किया है। HAL ने कहा है कि जमीन पर ही विमान में मामूली तकनीकी खराबी आई थी और उड़ान के दौरान कोई हादसा नहीं हुआ। दरअसल, इससे पहले खबर आई थी कि 7 फरवरी को लैंडिंग के दौरान तेजस विमान का ब्रेक फेल हो गया था। हादसे से पहले पायलट सुरक्षित बाहर निकल गया था, लेकिन विमान को नुकसान पहुंचा।
बयान
HAL ने कहा- मामले का विश्लेषण किया जा रहा
HAL ने कहा, 'तेजस के क्रैश की कोई खबर नहीं है। जिस घटना की बात हो रही है, वह जमीन पर हुई एक छोटी तकनीकी घटना थी। तेजस समकालीन लड़ाकू विमानों में दुनिया के सर्वश्रेष्ठ सुरक्षा रिकॉर्ड में से एक को बनाए रखता है। SOP के तौर पर, इस मामले का गहराई से विश्लेषण किया जा रहा है। HAL जल्द समाधान के लिए भारतीय वायुसेना के साथ मिलकर काम कर रहा है।'
दावा
दावा- वायुसेना ने तेजस की उड़ानों पर लगाई रोक
समाचार एजेंसी PTI ने सूत्रों के हवाले से दावा किया था कि 7 फरवरी को लैंडिंग के दौरान तेजस का ब्रेक फेल हो गया और वो रनवे से आगे निकल गया। हादसे में विमान के ढांचे को नुकसान पहुंचा है। PTI के मुताबिक, विमान प्रशिक्षण उड़ान के बाद लौट रहा था, तब ये हादसा हुआ। सूत्रों ने दावा किया कि घटना के बाद वायुसेना ने तेजस विमानों की उड़ान पर अस्थायी रोक लगा दी है।