पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की अचानक बिगड़ी तबीयत, दिल्ली AIIMS में चल रहा इलाज
क्या है खबर?
भारत के पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की तबीयत अचानक बिगड़ने के बाद उन्हें दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) में भर्ती कराया गया है। सूत्रों के अनुसार, उन्हें कार्डियक (हृदय संबंधी) समस्या की शिकायत होने के बाद अस्पताल लाया गया था, जहां उन्हें मेडिकल ऑब्जर्वेशन में रखा गया है। फिलहाल, अस्पताल के वरिष्ठ विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम उनके स्वास्थ्य की निगरानी कर रही है। उनके कुछ जरूरी मेडिकल टेस्ट भी किए जा रहे हैं।
परेशानी
टहलते समय हुए बेहोश
रिपोर्ट के अनुसार, धनखड़ सुबह टहलते समय बेहोश होकर गिर पड़े। इसके बाद उन्हें AIIMS में भर्ती कराया गया।
बेहोश होने के बाद वह कुछ मिनटों तक अचेत रहे। उनके के साथ मौजूद सुरक्षाकर्मी उन्हें PCR वाहन से घर लेकर पहुंचे।
इसके बाद ILBS की मेडिकल टीम और AIIMS के डॉक्टर संदीप सेठ ने उनकी जांच की और जरूरी चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई। हालांकि, बाद में उन्हें तत्काल एंबुलेंस से AIIMS ले जाने का फैसला किया गया।
सफर
कैसा रहा है धनखड़ का राजनीतिक सफर?
भारत के 14वें उपराष्ट्रपति रहे धनखड़ का जन्म 18 मई, 1951 को राजस्थान के झुंझुनू जिले के किठाना गांव में एक जाट किसान परिवार में हुआ था।
उन्होंने अपनी स्कूली शिक्षा चित्तौड़गढ़ के सैनिक स्कूल और उच्च शिक्षा राजस्थान विश्वविद्यालय से पूरी की।
वह सुप्रीम कोर्ट और राजस्थान हाई कोर्ट के एक वरिष्ठ वकील थे। उनका राजनीतिक सफर 1989 में शुरू हुआ, जब वे झुंझुनू से लोकसभा सांसद चुने गए और 1990 में केंद्र सरकार में मंत्री बने।
सक्रियता
भाजपा के सक्रिय नेताओं में शुमार रहे हैं धनखड़
भाजपा से जुड़ने के बाद धनखड़ लंबे समय तक राजनीति में सक्रिय रहे। 2019 में उन्हें पश्चिम बंगाल का राज्यपाल नियुक्त किया गया, जहां राज्य सरकार के साथ उनके टकरावों के चलते उनका कार्यकाल काफी चर्चित रहा।
अगस्त 2022 में वे भारत के 14वें उपराष्ट्रपति बने। हालांकि, 21 जुलाई, 2025 को उन्होंने गिरते स्वास्थ्य का हवाला देते हुए पद से इस्तीफा दे दिया था।
वह अपना कार्यकाल पूरा करने से पहले इस्तीफा देने वाले देश के तीसरे उपराष्ट्रपति बने।