कोलकाता मामला: अस्पताल के पूर्व प्रधानाचार्य से तीसरे दिन भी पूछताछ, CBI ने क्या-क्या पूछे सवाल?
कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में महिला डॉक्टर के साथ बलात्कार और हत्या के मामले में कॉलेज के पूर्व प्रधानाचार्य संदीप घोष से लगातार पूछताछ हो रही है। मामले की जांच कर रही केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने रविवार को लगातार तीसरे दिन घोष से पूछताछ की है। घोष से 16 अगस्त को करीब 15 घंटे और 17 अगस्त को करीब 13 घंटे पूछताछ हो चुकी है। जानते हैं CBI ने उनसे क्या-क्या सवाल किए।
पूछताछ के बारे में CBI ने क्या कहा?
एक CBI अधिकारी ने कहा, "घोष से शनिवार को करीब 13 घंटे पूछताछ की गई। उन्हें आज फिर से पेश होने के लिए कहा गया है, क्योंकि अधिकारियों को उनसे कई और सवाल पूछने हैं। हमारे पास उनसे पूछने के लिए सवालों की एक सूची है। घोष को डॉक्टर की मौत की खबर मिलने के बाद उनकी भूमिका स्पष्ट करने के लिए कहा गया है, जैसे उन्होंने किससे संपर्क किया और परिजनों को 3 घंटे तक का इंतजार क्यों कराया।"
CBI ने घोष से क्या-क्या सवाल पूछे?
अधिकारी के अनुसार, घोष से पूछा गया कि घटना के बाद सेमीनार हॉल के पास कमरों की मरम्मत का आदेश किसने दिया। उन्होंने कहा, "हम यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि क्या अपराध के पीछे कोई साजिश थी या पहले से इसकी योजना बनाई गई थी। प्राचार्य क्या कर रहे थे और क्या वह किसी भी तरीके से घटना में शामिल हैं।" अधिकारी के मुताबिक, घोष के जवाबों का मिलान दूसरे लोगों के बयानों से किया जाएगा।
मुझे गिरफ्तार नहीं किया, अफवाहें न फैलाएं- घोष
CBI दफ्तर जाते हुए आज घोष ने मीडिया से कहा, "CBI ने मुझे गिरफ्तार नहीं किया है। मुझे संजय रॉय (गिरफ्तार किए गए मुख्य आरोपी) के साथ आमने-सामने नहीं बैठाया गया है। मेरे बारे में अफवाहें मत फैलाइए।" बताया जा रहा है कि CBI घोष के फोन रिकॉर्ड्स भी खंगाल रही है। अधिकारी ये पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि क्या घोष के कहने पर ही महिला की मौत को पहले आत्महत्या बताया गया था।
कौन हैं संदीप घोष?
घोष आरजी कर कॉलेज के प्रधानाचार्य बनने से पहले कलकत्ता नेशनल मेडिकल कॉलेज के उपप्रधानाचार्य रह चुके हैं। वे एक सर्जन और ऑर्थोपेडिक्स डॉक्टर हैं। जून, 2023 में कलकत्ता नेशनल मेडिकल कॉलेज में उन पर भ्रष्टाचार का आरोप लगा था। इसके बाद उनका तबादला कर दिया गया, लेकिन 48 घंटे के भीतर उन्हें पिछले पद पर बहाल कर दिया गया। बताया जाता है कि राजनीतिक रसूख के चलते वे 2 बार तबादला रुकवा चुके हैं।
घटनास्थल की 3D मैपिंग हुई
CBI की एक टीम आज आरजी कर मेडिकल कॉलेज पहुंची और अस्पताल के आपातकालीन वार्ड में 3D लेजर मैपिंग कर रही है। दूसरी ओर, कोलकाता पुलिस ने पूर्व भाजपा सांसद लॉकेट चटर्जी और 2 डॉक्टरों को कथित तौर पर अफवाह फैलाने और महिला डॉक्टर की पहचान का खुलासा करने के लिए समन जारी किया है। पुलिस ने तृणमूल कांग्रेस (TMC) सांसद सुखेंदु शेखर रे को गलत जानकारी प्रसारित करने के आरोप में नोटिस भेजा है।
क्या है महिला डॉक्टर की हत्या का मामला?
9 अगस्त को आरजी कर मेडिकल कॉलेज के सेमिनार हॉल में एक महिला डॉक्टर का शव मिला। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में डॉक्टर की हत्या से पहले रेप की पुष्टि हुई। उसकी आंख, मुंह, पैर, गर्दन, हाथ, कमर और निजी अंगों पर काफी चोटें थीं। मामले में पुलिस ने अस्पताल में आने-जाने वाले एक नागरिक स्वयंसेवक संजय रॉय को गिरफ्तार किया है। फिलहाल CBI को मामले की जांच सौंपी गई है। सुरक्षा समेत कई मांगों को लेकर डॉक्टर हड़ताल पर बैठे हैं।