
पूर्व मुख्य न्यायाधीश डीवाई चंद्रचूड़ ने खाली किया सरकारी आवास, जानिए अब कहां रहेंगे
क्या है खबर?
भारत के पूर्व मुख्य न्यायाधीश डीवाई चंद्रचूड़ ने राष्ट्रीय राजधानी स्थित न्यायपालिका प्रमुख का आधिकारिक आवास खाली कर दिया है। भारत के 50वें मुख्य न्यायाधीश रहे न्यायमूर्ति चंद्रचूड़ 8 नवंबर, 2024 को सेवानिवृत्त हुए थे। हाल ही में नई दिल्ली के कृष्ण मेनन मार्ग स्थित मुख्य न्यायाधीश (CJI) के आधिकारिक आवास पर उनके निर्धारित समय से ज्यादा समय तक रहने को लेकर विवाद खड़ा हो गया था। उस दौरान उन्होंने बेटियों की कमजोर चिकित्सा स्थिति का हवाला दिया था।
स्थिति
चंद्रचूड़ ने 7 जुलाई को स्पष्ट कर दी थी स्थिति
चंद्रचूड़ ने 7 जुलाई को PTI से कहा था कि उनका सामान पैक हो चुका है और वे अपनी पत्नी और बच्चों के साथ जल्द ही एक सशुल्क सरकारी आवास में चले जाएंगे। उन्होंने निर्धारित समय से अधिक रुकने का कारण बताते हुए कहा था, "हमने वास्तव में सामान पैक कर लिया है। कुछ सामान नए घर में जा चुका है और कुछ यहां स्टोर रूम में रखा है।" उन्होंने आवास को लेकर उपजे विवाद पर भी दुख जताया था।
कारण
चंद्रचूड़ ने क्या बताया था कारण?
चंद्रचूड़ ने बंगले में अधिक समय तक रुकने का कारण बताते हुए अपनी दोनों बेटियों की कमजोर स्वास्थ्य स्थिति का हवाला दिया था। उन्होंने कहा था कि उन्हें व्हीलचेयर-अनुकूल घर की आवश्यकता थी और नए आवास को तैयार होने में समय लग रहा था। ऐसे में उन्हें मजबूरन आधिकारिक आवास में अधिक समय तक रुकना पड़ा। उन्होंने मौजूदा CJI संजीव खन्ना से बात कर बताया था कि वह जल्द ही 14, तुगलक रोड स्थित बंगले में चले जाएंगे।
जानकारी
सुप्रीम कोर्ट प्रशासन ने लिखा था केंद्र सरकार को पत्र
बता दें कि जुलाई की शुरुआत में सुप्रीम कोर्ट प्रशासन ने केंद्र सरकार को पत्र लिखकर जस्टिस चंद्रचूड़ के CJI के बंगले में अधिक समय तक रहने की जानकारी देते हुए उसे खाली कराने की मांग की थी। उसके बाद विवाद बढ़ गया था।