
दिव्या पाहुजा के सिर में मारी गई थी गोली, जानें पोस्टमार्टम रिपोर्ट में क्या सामने आया
क्या है खबर?
हरियाणा के गुरुग्राम में गैंगस्टर संदीप गाडौली की पूर्व गर्लफ्रेंड दिव्या पाहुजा की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आ गई है। पाहुजा की हत्या काफी करीब से सिर में गोली मारकर की गई थी।
इस मामले में पुलिस ने अब तक 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की जांच शुरू कर दी है।
बता दें कि 27 वर्षीय पूर्व मॉडल पाहुजा की गुरुग्राम के होटल सिटी प्वाइंट में 2 जनवरी को हत्या कर दी गई थी।
पोस्टमार्टम
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में क्या सामने आया?
पोस्टमार्टम में पाहुजा के सिर में एक गोली पाई गई है, जिसे निकाल लिया गया है। डॉक्टरों के मुताबिक, गोली काफी करीब से मारी गई थी।
हरियाणा के हिसार के अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में डॉ मोहन सिंह के निर्देशन में पाहुजा के शव का पोस्टमार्टम किया गया, जो 2 घंटे तक चला।
पोस्टमार्टम शव के एक्स रे के बाद करवाया गया, जिसमें 2 महिला डॉक्टर समेत 4 डॉक्टर शामिल थे। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी की गई है।
रिपोर्ट
विसरा रिपोर्ट से सामने आएगी पूरी सच्चाई
पुलिस ने पाहुजा के विसरा को जांच के लिए मधुबन की फॉरेसिंक लैब भेज दिया है। इस जांच के जरिए वारदात के दौरान शरीर में शराब थी या नहीं समेत अन्य जानकारियां सामने आएंगी।
इससे पाहुजा की मौत की पूरी सच्चाई सामने आ सकेगी।
बता दें कि पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने पाहुजा के शव को उसके परिजनों के हवाले कर दिया है। रिपोर्ट के अनुसार, शव को गुरुग्राम ले जाया गया, जहां उसका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
शव बरामद
पुलिस ने कैसे बरामद किया शव?
मामले में कोलकाता से गिरफ्तार किये गए आरोपी बलराज गिल से पूछताछ के बाद पाहुजा के शव का पता चला।
इसके बाद राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) की 25 टीमों ने शव की तलाश की। शनिवार को पुलिस ने हरियाणा के फतेहाबाद जिले के टोना में एक नहर से शव को बरामद कर लिया।
पानी में रहने से शव को पहचानना कठिन हो गया था, लेकिन पाहुजा के शरीर पर बने टैटू से उनकी मां ने शव को पहचान लिया।
गिरफ्तार
अब तक 6 आरोपी गिरफ्तार, 1 अब भी फरार
इस मामले में होटल मालिक अभिजीत सिंह के अलावा हेमराज और ओम प्रकाश सबसे पहले गिरफ्तार हुए।
इसके बाद अभिजीत की गर्लफ्रेंड मेघा फोगट और बलराज गिल और प्रदेश नाम के एक शख्स को गिरफ्तार किया गया।
प्रदेश ने हत्या के लिए हथियार मुहैया कराया था, मेघा ने हथियार छिपाने में और बलराज ने शव को ठिकाने लगाने में मदद की थी।
अभी एक आरोपी रवि बंगा फरार है, जिसने शव को BMW तक ले जाने में मदद की थी।
मामला
क्या है पूरा मामला?
पाहुजा की हत्या 2 जनवरी को होटल के मालिक अभिजीत सिंह ने गोली मारकर की थी और अपने अन्य सहयोगियों के जरिए शव को ठिकाने लगाया था।
इसके लिए अभिजीत ने गिल और रवि को 10-10 लाख रुपये दिए थे।
3 जनवरी को बहन और मां को पाहुजा द्वारा भेजी गई लाइव लोकेशन से हत्या का खुलासा हुआ। इसके बाद होटल में लगे CCTV कैमरे की फुटेज के जरिए पूरी वारदात सामने आ गई।
कारण
क्यों की गई पाहुजा की हत्या?
पुलिस के अनुसार, पाहुजा ने अभिजीत की अश्लील तस्वीरें ली थीं और पैसे के लिए ब्लैकमेल करती थीं।
अभिजीत ने पुलिस को बताया कि कुछ दिनों से वह अधिक पैसे मांग रही थीं। इसी कारण उसने 2 जनवरी को पाहुजा को होटल बुलाकर तस्वीरें डिलीट करने को कहा, लेकिन वह नहीं मानी तो उसने पाहुजा के सिर में गोली मार दी।
पाहुजा के परिजनों ने हत्या के पीछे गाडौली की बहन और भाई का हाथ होने की आशंका जताई है।
प्रेमिका
गैंगस्टर गाडौली की प्रेमिका थी पाहुजा, एनकाउंटर में भूमिका का आरोप
गैंगस्टर गाडौली को 2016 में हरियाणा पुलिस ने मुंबई के एक होटल में एनकाउंटर में मार गिराया गया था। उस समय दिव्या भी होटल में उसके साथ थी।
मुंबई पुलिस ने इसे हत्या करार दिया और पाहुजा को इस साजिश के मुख्य आरोपियों में शामिल गया था।
पाहुजा पर हरियाणा पुलिस को गाडौली की लोकेशन की जानकारी देने का आरोप है।
जुलाई, 2016 में वह गिरफ्तार हुई थीं और जुलाई, 2023 में ही उन्हें जमानत मिली थी।