कौन थीं गैंगस्टर संदीप गाडोली की पूर्व प्रेमिका दिव्या पाहुजा और क्यों हुई उनकी हत्या?
क्या है खबर?
हरियाणा के गैंगस्टर संदीप गाडोली हत्याकांड की आरोपी दिव्या पाहुजा की मंगलवार 2 जनवरी को गुरुग्राम के एक होटल में हत्या कर दी गई।
पुलिस ने बताया कि 27 वर्षीय पूर्व मॉडल की शहर के एक बस स्टैंड के पास स्थित होटल सिटी पॉइंट में गोली मारकर हत्या की गई और अब तक शव बरामद नहीं हो सका है।
मामले में गुरुग्राम पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है और 2 अन्य की तलाश कर रही है।
दिव्या पाहुजा
दिव्या पाहुजा कौन थी?
पूर्व मॉडल दिव्या गुरुग्राम के बलदेव नगर के एक सब्जी और फल विक्रेता की बेटी थीं। उनके पिता दिव्यांग हैं। उनके परिवार में माता-पिता के अलावा उनकी एक छोटी बहन है।
दिव्या ने 2018 में BCom कोर्स में दाखिला लिया था और इसी दौरान उन्होंने मॉडलिंग शुरू की थी। हालांकि, बाद में उन्होंने कोर्स छोड़ दिया।
अंडरवर्ल्ड के साथ दिव्या का जुड़ाव 2016 में शुरू हुआ था। वह हरियाणा के मोस्ट वांटेड गैंगस्टर संदीप गाडोली की गर्लफ्रेंड थीं।
आरोपी
बॉयफ्रेंड संदीप की हत्या की मुख्य आरोपी थीं दिव्या
गैंगस्टर संदीप को 2016 में हरियाणा पुलिस ने मुंबई के एक होटल में एनकाउंटर में मार गिराया गया था। उस समय दिव्या भी होटल में उसके साथ थीं।
मुंबई पुलिस ने इसे हत्या करार दिया और दिव्या को इस साजिश के मुख्य आरोपियों में शामिल गया था।
दिव्या पर आरोप था कि उन्होंने हरियाणा पुलिस को संदीप की लोकेशन की जानकारी दी थी।
जुलाई, 2016 में वह गिरफ्तार हुई थीं और जुलाई, 2023 में ही उन्हें जमानत मिली थी।
कारण
दिव्या की हत्या के क्या कारण सामने आ रहे?
होटल मालिक और आरोपी अभिजीत सिंह से प्रारंभिक पूछताछ के आधार पर गुरुग्राम पुलिस ने कहा कि पाहुजा ने अभिजीत की अश्लील तस्वीरें ली थीं और पैसे के लिए उन्हें ब्लैकमेल करती थीं।
अभिजीत ने बताया कि कुछ दिनों से वह अधिक पैसे मांग रही थीं। इसी कारण 2 जनवरी को वह दिव्या को होटल लेकर पहुंचे और तस्वीरें डिलीट करने को कहा, लेकिन जब उन्होंने ऐसा नहीं किया तो अभिजीत ने गुस्से में उनके सिर में गोली मार दी।
ठिकाने
हत्या के बाद आरोपियों ने क्या किया?
अभिजीत ने बताया कि होटल स्टाफ के रूप में काम करने वाले अन्य 2 आरोपियों, हेमराज और ओमप्रकाश, की मदद से उन्होंने शव को अपनी नीली BMW कार में रखा।
इसके बाद उन्होंने 2 अन्य साथियों को बुलाया और शव को ठिकाने लगाने के लिए उन्हें अपनी कार दे दी।
ये कार पंजाब के पटियाला में बरामद हुई है। खबर लिखे जाने तक ये पुष्टि नहीं हुई कि दिव्या का शव इसके अंदर है या नहीं।
गिरफ्तार
मामले में अब तक क्या-क्या हुआ?
दिव्या की बहन ने गुरुग्राम के सेक्टर 14 पुलिस थाने में FIR दर्ज कराई है।
मामले में पुलिस ने होटल के मालिक अभिजीत सिंह, कर्मचारी हेमराज और ओमप्रकाश को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, अभिजीत ने दिव्या की हत्या के बाद शव को ठिकाने लगाने के लिए अपने अन्य साथियों को 10 लाख रुपये दिए थे।
शव को किस तरह होटल के कमरे से कार तक ले जाया गया, इसका CCTV वीडियो भी सामने आया है।
शक
गुरुग्राम पुलिस को अभिजीत सिंह की थ्योरी पर है शक
गुरुग्राम पुलिस को मुख्य आरोपी अभिजीत की थ्योरी पर संशय है।
न्यूज 18 ने सूत्रों के हवाले से बताया कि दिव्या संदीप के एनकाउंटर की मुख्य गवाह भी थीं और कई अहम किरदारों के लिए खतरा बनी हुईं थीं।
पुलिस को ये बात भी खटक रही है कि अभिजीत ने हत्या के बाद होटल के CCTV फुटेज से छेड़छाड़ क्यों नहीं की। अधिकांश मामलों में आरोपी सबूत मिटाने के लिए ऐसा जरूर करते हैं।