'ऑपरेशन सिंदूर' के दौरान भारत ने पाकिस्तान के परमाणु ठिकानों पर किया था हमला- विशेषज्ञ
क्या है खबर?
भारत ने 'ऑपरेशन सिंदूर' के दौरान पाकिस्तान को घुटनों पर ला दिया था। हालांकि, इस दौरान बहस होती रही कि क्या भारत ने पाकिस्तान के परमाणु स्थलों को भी निशाना बनाया था? अब मशहूर इतिहासकार और सैन्य विश्लेषक टॉम कूपर ने इसे लेकर बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि भारतीय वायुसेना ने 'ऑपरेशन सिंदूर' के दौरान पाकिस्तान के किराना हिल्स पर हमला किया था। किराना हिल्स के नीचे पाकिस्तान का परमाणु ठिकाना है।
बयान
कूपर बोले- किराना हिल्स के 2 द्वार को भारत ने निशाना बनाया
कूपर ने NDTV को बताया कि पाकिस्तानी सोशल मीडिया पर कई वीडियो सामने आए, जिनमें मिसाइलों के धुएं के निशान पहाड़ियों की ओर जाते दिखाई देते हैं। इसके अलावा एक अन्य वीडियो में पाकिस्तानी वायुसेना के 4091वें स्क्वाड्रन के रडार स्टेशन से धुआं उठता दिखाई दिया। कूपर के मुताबिक, भारत ने पहले इन रडार स्टेशनों को निशाना बनाकर पाकिस्तान की जवाबी क्षमता को निष्क्रिय किया और फिर किराना हिल्स के कम से कम 2 प्रवेश द्वारों पर हमला किया।
युद्धविराम
कूपर ने कहा- हमले के बाद पाकिस्तान ने युद्धविराम की अपील की
कूपर ने कहा, "इस जगह हमला करने का मतलब है आप एक स्पष्ट संदेश भेजना चाहते हैं। इसका मतलब है, सुनो, पाकिस्तान में दोस्तों, हम जहां चाहें, जब चाहें, जितना चाहें उतने गोला-बारूद के साथ आपको गंभीर रूप से मार सकते हैं।" कूपर ने बताया कि यही वो निर्णायक हमला था, जिसके बाद पाकिस्तान घुटनों पर आ गया और युद्धविराम की अपील करने लगा। कूपर के मुताबिक, इस हमले तक पाकिस्तान खत्म हो चुका था।
हथियार
भारत ने किन हथियारों से किया हमला?
कूपर के अनुसार, हमले के लिए भारत को किसी विशेष गुप्त तकनीक की जरूरत नहीं पड़ी। सुखोई-30 विमानों से ब्रह्मोस और रैम्पेज मिसाइलें दागी गईं। उन्होंने भारत की वायु रक्षा प्रणाली की तारिफ करते हुए कहा, "मैंने दर्जनों देशों को ऐसी वायु रक्षा प्रणाली विकसित करने की कोशिश करते हुए देखा है और उन्हें परेशानी हो रही है, बुरी तरह असफल भी हो रहे हैं। लेकिन भारत की प्रणाली उन सभी चीजों से बच गई, जो पाकिस्तान ने दागी थीं।"
वायुसेना
वायुसेना ने किराना हिल्स पर हमले से किया इनकार
भारतीय वायु सेना ने आधिकारिक तौर पर हमेशा किराना हिल्स पर हमले की खबरों का खंडन किया है। हाल ही में वाइस एयर चीफ एयर मार्शल नागेश कपूर ने कहा था, "हमने उनके आतंकी ढांचों और कई सैन्य ठिकानों पर हमला किया था। ये बिल्कुल सच है। किराना हिल्स के वीडियो उनके लोगों ने बनाए थे, हमने कुछ नहीं किया। हमने सिर्फ आतंकी और सैन्य ठिकानों पर हमला किया था।"
प्लस
क्या है किराना हिल्स?
किराना हिल्स सरगोधा के पास पहाड़ी इलाका है। यहां पाकिस्तान के परमाणु हथियारों के मुख्य भंडारण सुविधाएं मानी जाती हैं। सैटेलाइट तस्वीरों और अमेरिकी रिपोर्ट्स के मुताबिक, यहां 40 से ज्यादा शेल्टर, भूमिगत सुविधाएं, गोला-बारूद डिपो और F-16 स्क्वाड्रन के रखरखाव केंद्र हैं। किराना हिल्स की चोटियों की औसत ऊंचाई लगभग 600 फीट है। अमेरिकी खुफिया एजेंसी CIA की रिपोर्ट में भी इस इलाके में परमाणु गतिविधियों की बात कही गई है।