दिल्ली में प्रदूषण रोकने में वाहनों पर प्रतिबंध कितना कारगर? रिपोर्ट के नतीजों ने उठाए सवाल
क्या है खबर?
दिल्ली में वायु प्रदूषण पर नियंत्रण के उद्देश्य से हर साल वाहनों और ट्रैफिक पर कई पाबंदियां लगाई जाती हैं। हालांकि, अब एक रिपोर्ट में इन पाबंदियों के नतीजों पर सवाल उठाए गए हैं। सेंटर फॉर साइंस एंड एनवायरनमेंट (CSE) के एक नए सर्वे के मुताबिक, इस तरह की पाबंदियों से वायु प्रदूषण में कोई राहत नहीं मिल रही है। CSE ने कहा कि इस साल सर्दियों से पहले ही दिल्ली का प्रदूषण पिछले साल से ज्यादा था।
रिपोर्ट
वाहन अभी भी प्रदूषण का सबसे बड़ा कारण बने हुए
रिपोर्ट के मुताबिक, स्थानीय स्तर पर वाहन प्रदूषण का सबसे बड़ा कारण हैं।
इस दौरान पराली के धुएं का योगदान भी बढ़ा, लेकिन खेतों में आग लगने की घटनाएं कम होने के बावजूद वायु प्रदूषण गंभीर ही रहा।
रिपोर्ट में ट्रैफिक जाम का विश्लेषण कर बताया गया है कि वाहनों का धुआं हवा में बहुत ज्यादा जहरीले पदार्थ फैला रहा है। इसके अलावा BS-VI से पहले के वाहनों पर लगी पाबंदियों से भी यातायात घनत्व कम नहीं हुआ है।
बयान
GRAP उपायों से ट्रैफिक में कोई कमी नहीं
CSE की एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर अनुमिता रॉयचौधरी ने कहा, "विश्लेषण में पता चला GRAP उपायों से दिल्ली में हफ्ते के दिनों में जाम से बहुत कम राहत मिली। ये उपाय भीड़-भाड़ वाले समय को कम करने या सड़कों की हालत सामान्य करने में नाकाम रहे।"
वहीं, CSE से जुड़े शुभम श्रीवास्तव ने कहा, "पाबंदी वाले हफ्ते (2-6 नवंबर) के दौरान, दिल्ली में औसत ट्रैवल टाइम इंडेक्स (TTI) 2.4 और शाम का पीक 3.49 रहा, जो रोजाना के 2.38 जैसा ही था।"
जाम
पाबंदियों के बावजूद जाम से राहत नहीं
रिपोर्ट के मुताबिक, पाबंदियों के बावजूद जनवरी से अप्रैल 2026 तक आम दिनों की तुलना में यात्रियों को सफर पूरा करने में 13 प्रतिशत ज्यादा समय लगा, जबकि शाम के व्यस्त घंटों में 13 से 31 प्रतिशत ज्यादा समय लगा।
रिपोर्ट के मुताबिक, सुबह के व्यस्त समय में ट्रैफिक एक प्रतिशत धीमा था, लेकिन शाम के व्यस्त समय में स्थिर रहा।
हफ्ते के सभी दिनों में ट्रैफिक जाम सामान्य से 7 प्रतिशत ज्यादा था।
CREA
दिवाली पर आधिकारिक आंकड़ों से 40 प्रतिशत ज्यादा था प्रदूषण
वहीं, CREA ने बताया कि दिवाली के दौरान दिल्ली में प्रदूषण आधिकारिक आंकड़ों से 49 प्रतिशत ज्यादा था। ऐसा इसलिए, क्योंकि केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) ने PM2.5 के आंकड़ों को 1,000 माइक्रोग्राम प्रति क्यूबिक मीटर तक सीमित कर दिया था।
CREA के मुताबिक, 8-9 नवंबर के बीच 255 घंटे की रीडिंग गायब थी, जो कुल उपलब्ध डेटा का 18 प्रतिशत था। इसे मिलाकर पता चला कि कुछ स्टेशनों पर PM2.5 स्तर 3,000 माइक्रोग्राम प्रति क्यूबिक मीटर से ज्यादा था।