दिल्ली के सरकारी मॉनिटर ने AQI के 1,000 पार होने के बावजूद 500 ही क्यों दिखाया?
क्या है खबर?
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में दिवाली के 2 दिन बाद भी प्रदूषण 'गंभीर' श्रेणी में है। आधिकारिक डाटा के अनुसार, दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 308 से 444 के आसपास रिकॉर्ड किया गया है। गत सोमवार को AQI 400 से भी ज्यादा था। हालांकि, कुछ प्राइवेट AQI निगरानी संगठन, जैसे IQAir ने AQI को 1,000 से 1,700 से ज्यादा यानी 'खतरनाक' श्रेणी में बताया है। ऐसे में आइए जानते हैं आखिर AQI में यह अंतर क्यों आता है।
सवाल
दिल्ली का आधिकारिक AQI 500 पर क्यों रुका हुआ है?
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) ने मंगलवार (10 नवंबर) को स्पष्ट किया कि 2015 में बनाया गया भारत का राष्ट्रीय वायु गुणवत्ता सूचकांक (NAQI) मुख्य रूप से एक सार्वजनिक स्वास्थ्य संचार उपकरण है, न कि हर एक माइक्रोग्राम प्रदूषण को प्रदर्शित करने वाला मीटर।
इंडेक्स को इस तरह डिजाइन किया गया है कि यह हवा की गुणवत्ता को 6 आसान श्रेणियों (अच्छा, संतोषजनक, मध्यम, खराब, बहुत खराब और गंभीर) में विभाजित कर लोगों तक स्वास्थ्य परामर्श पहुंचा सके।
समानता
500 से अधिक AQI पर समान रहती है सलाह
CPCB के अनुसार, जब प्रदूषण 500 पार कर 'गंभीर' श्रेणी में पहुंच जाता है, तो उसके बाद प्रदूषण चाहे 800 हो या 1,800, इंसानी स्वास्थ्य पर होने वाला जानलेवा असर और दी जाने वाली मेडिकल एडवाइजरी बिल्कुल एक समान रहती है।
इसमें घरों के अंदर रहना और मास्क लगाना प्रमुख है। ऐसे में 500 के ऊपर पैमाने को बढ़ाना निरर्थक है।
AQI लोगों को प्रदूषण को आसानी से समझने लायक शब्दों में असरदार तरीके से बताने का एक तरीका है।
परेशानी
डाटा गायब होने का क्या रहा कारण?
CPCB ने यह भी स्वीकार किया कि दिवाली के दौरान दिल्ली के कुछ सरकारी मॉनिटरिंग स्टेशनों (CAAQMS) से कुछ घंटों का डाटा पूरी तरह गायब हो गया था।
इसकी वजह कोई मानवीय छेड़छाड़ नहीं थी, बल्कि सरकारी उपकरणों की अपनी तकनीकी सीमा है।
ये मशीनें अधिकतम 0 से 1,000 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर तक का प्रदूषण ही माप सकती हैं। जब प्रदूषण इस सीमा को पार हुआ, तो सॉफ्टवेयर ने उसे त्रुटि मानकर खारिज कर दिया।
सवाल
निजी ऐप्स ने 1,000 से अधिक AQI क्यों दिखाया?
सरकारी और निजी ऐप्स की गणना प्रणाली में समय की अवधि के साथ सेंसर और डाटा सोर्स के 2 प्रमुख अंतर हैं।
निजी ऐप्स प्रति घंटे के आधार पर आंकड़े दिखाते हैं, जिससे पटाखों के फूटने के समय का चरम धुआं तुरंत दर्ज होता है। जबकि सरकारी NAQI पिछले 24 घंटे के औसत की गणना करता है।
निजी कंपनियां सरकारी डाटा के साथ-साथ कम लागत वाले गैर-सरकारी पोर्टेबल सेंसर्स इस्तेमाल करती हैं, जिनकी शुद्धता जांच के मानक अलग होते हैं।
प्रदूषण
दिल्ली का असल प्रदूषण बनाम सरकारी AQI
500-पॉइंट कैप का मतलब है कि आधिकारिक AQI यह नहीं बता सकता कि उस लिमिट को पार करने के बाद प्रदूषण का स्तर कितना बढ़ गया है।
उदाहरण के लिए 500 की आधिकारिक रीडिंग 600 AQI और किसी दूसरे मापन स्केल पर 1,800 के AQI वाले प्रदूषण में फर्क नहीं करती है।
हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि CPCB प्रदूषण को कम बता रहा है, लेकिन सरकारी ऐप की सीमा के कारण वह 500 तक ही दिखा सकता है।
प्रणाली
भारत का NAQI असल में काम कैसे करता है?
भारत का सरकारी इंडेक्स कुल 8 प्रमुख प्रदूषकों की निगरानी करता है। इनमें PM2.5, PM10, नाइट्रोजन डाइऑक्साइड, सल्फर डाइऑक्साइड, कार्बन मोनऑक्साइड, ओजोन, अमोनिया और लेड (सीसा) शामिल हैं।
किसी भी स्टेशन का अंतिम AQI निकालने के लिए कम से कम 3 प्रदूषकों का डाटा होना अनिवार्य है, जिसमें PM2.5 या PM10 में से किसी एक का होना जरूरी है।
इन सभी में से जिसका सब-इंडेक्स सबसे खराब होता है, वही उस घंटे का फाइनल AQI माना जाता है।