सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर तमिलनाडु में आज जलेगा कार्तिगई दीपम, सुरक्षा के लिए CRPF तैनात
क्या है खबर?
तमिलनाडु के मदुरै में तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर स्थित दीपथून पर आज दीपक जलाया जाएगा। इसके लिए केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के जवानों को पहाड़ी पर तैनात किया गया है। दरअसल, सुप्रीम कोर्ट ने आदेश दिया था कि पहाड़ी पर स्थित दरगाह से कम से कम 50 मीटर दूर दीपथून पर दीपक जलाया जाए। हालांकि, कोर्ट द्वारा निर्धारित तारीख पर दीपक नहीं जल सका, जिसके बाद शीर्ष अदालत ने राज्य सरकार को फटकार लगाई थी।
कार्रवाई
कोर्ट ने सरकार को फटकारा,
कोर्ट ने तमिलनाडु सरकार को अपने आदेश की अवमानना के चलते कड़ी फटकार लगाई।
कोर्ट ने कहा, "अफसरों ने हमारा नहीं, अपने राजनीतिक आकाओं का आदेश माना। ऐसी संवैधानिक गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं करेंगे।"
कोर्ट ने तमिलनाडु के मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक (DGP) और 13 अन्य लोगों को अवमानना नोटिस भी जारी किया था। साथ ही सुब्रामणिया स्वामी मंदिर के बोर्ड ऑफ ट्रस्टी को निलंबित कर दिया और मंदिर का प्रशासन 2 जजों की समिति को सौंप दिया।
विवाद
क्या है विवाद?
यह विवाद मदुरै के अरुलमिगु सुब्रमणियास्वामी मंदिर में कार्तिगई दीपम से जुड़ा है।
विवाद है कि पहाड़ी पर दीपम कहां जलाया जाना चाहिए। दशकों से यह दीपम पहाड़ी की निचली ढलान पर स्थित उचिपिल्लैयार मंदिर के पास दीप मंडपम में जलाया जाता रहा है।
अब हिंदू संगठन इसे दीपथून पर जलाने की अनुमति मांग रहे हैं, जो पहाड़ी के ऊपरी हिस्से में स्थित एक प्राचीन पत्थर का दीपम स्तंभ है और हजरत सुल्तान सिकंदर बादुशा औलिया दरगाह के नजदीक है।