तमिलनाडु: सुप्रीम कोर्ट ने केवल इस साल कार्तिगई दीपम जलाने की दी अनुमति
क्या है खबर?
सुप्रीम कोर्ट ने मद्रास हाई कोर्ट के उस आदेश पर रोक लगा दी है, जिसमें तमिलनाडु में थिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर कार्तिगई दीपम जलाने की अनुमति दी गई थी। हालांकि, कोर्ट ने कुछ शर्तों के साथ केवल एक बार 24 नवंबर को दीप जलाने की अनुमति दी है। कोर्ट ने ये भी कहा कि पारंपरिक स्थलों पर पूजा-अर्चना और पहाड़ी पर स्थित दरगाह और मस्जिद तक वैध पहुंच बिना किसी बाधा के जारी रहनी चाहिए।
शर्तें
कोर्ट ने ये शर्तें रखीं
दीपक मंदिर समिति के कुछ ही सदस्य जलाएंगे। इसका आकार और बनावट मदुरै जिला कलेक्टर को मंदिर प्रबंधन, ASI और पुलिस कमिश्नर से सलाह कर तय करेंगे।
कलेक्टर व्यवस्थाओं की देखरेख करेंगे। पुलिस सुरक्षा देगी और जरूरत पड़ने पर CRPF की मदद ली जाएगी।
भीड़ के इकट्ठा होने, नारेबाजी, प्रदर्शन और जुलूस पर रोक रहेगी।
जिला प्रशासन दीया जलाने का समय और रास्ता तय करेगा।
समारोह के तुरंत बाद जगह खाली करनी होगी। कुछ भी सामान वहां नहीं रहेगा।
हाई कोर्ट
सुप्रीम कोर्ट ने हाई कोर्ट के कुछ फैसलों पर रोक लगाई
इससे पहले मद्रास हाई कोर्ट ने पहाड़ी पर दीपक जलाने की मंजूरी दे दी थी। कोर्ट ने इस फैसले पर रोक लगाई है। हालांकि, अतंरिम व्यवस्था के तहत केवल इसी साल परंपरा को अनुमति दी गई है।
कोर्ट ने कहा कि दीपक जलाने की एक बार की अनुमति से पहाड़ी पर प्रवेश, कब्जे या नियंत्रण का कोई अतिरिक्त अधिकार नहीं मिलगा।
कोर्ट ने विवादित जगह पर खुदाई और निर्माण पर भी रोक लगा दी है।
हाई कोर्ट का फैसला
क्या था हाई कोर्ट का फैसला
दिसंबर, 2025 में मद्रास हाई कोर्ट के सिंगल जज जस्टिस जीआर स्वामीनाथन ने थिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी की 2 चोटियों में से नीचे वाले दीपाथून पर कार्तिगई दीपम जलाने की अनुमति दी थी।
जनवरी, 2026 में हाई कोर्ट की एक डिवीजन पीठ ने भी इस फैसले को बरकरार रखा था।
जून, 2026 में इस फैसले के खिलाफ तमिलनाडु सरकार ने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया था। सरकार ने फैसले पर रोक लगाने की मांग की थी।
विवाद
क्या है विवाद?
यह विवाद मदुरै के अरुलमिगु सुब्रमणियास्वामी मंदिर में कार्तिगई दीपम से जुड़ा है। विवाद है कि पहाड़ी पर दीपम कहां जलाया जाना चाहिए।
दशकों से यह दीपम पहाड़ी की निचली ढलान पर स्थित उचिपिल्लैयार मंदिर के पास दीप मंडपम में जलाया जाता रहा है।
अब हिंदू संगठन इसे दीपथून पर जलाने की अनुमति मांग रहे हैं, जो पहाड़ी के ऊपरी हिस्से में स्थित एक प्राचीन पत्थर का दीपम स्तंभ है और हजरत सुल्तान सिकंदर बादुशा औलिया दरगाह के नजदीक है।