
रूसी महिला बच्चे संग गायब, पति का आरोप- वो जासूस, दूतावास में पिछले दरवाजे से घुसी
क्या है खबर?
भारत में रह रही एक रूस की महिला अपने 4 साल के बेटे के साथ गायब हो गई है। इस महिला ने भारतीय शख्स से शादी की है और बच्चे की कस्टडी को लेकर सुप्रीम कोर्ट में मामला भी चल रहा है। इसी मामले की सुनवाई के दौरान पति ने बताया कि महिला बच्चे को लेकर 7 जुलाई से गायब है। कोर्ट ने पुलिस को महिला को ढूंढने का आदेश दिया है। आइए पूरा मामला जानते हैं।
महिला
कौन है महिला?
महिला का नाम विक्टोरिया है, जो 2019 से भारत में रह रही है। विक्टोरिया ने भारतीय नागरिक सैकत बसू से 2017 में शादी की। दोनों की मुलाकात चीन में हुई थी, जहां सैकत एक कंपनी में इंजीनियर के पद पर कार्यरत थे। 2020 में दोनों को एक बेटा हुआ था। हालांकि, इसके बाद दोनों में कुछ विवाद हुआ और दंपत्ति ने अलग होने का फैसला किया। बाद में बच्चे की कस्टडी को लेकर दंपत्ति दिल्ली की एक कोर्ट में गए।
सुप्रीम
सुप्रीम कोर्ट कैसे पहुंच गया मामला?
बच्चे की कस्टडी को लेकर दोनों में विवाद होते रहे। इसके बाद दंपत्ति ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका लगाई, जिस पर कई बार सुनवाई भी हुई। पहले कोर्ट ने कहा कि बच्चा दिन में 20 घंटे पिता के पास और बाकी 4 घंटे मां के पास रहेगा। हालांकि, बाद में कोर्ट ने कहा कि बच्चा हफ्ते के 3 दिन मां और 4 दिन पिता के पास रहेगा। इसके बाद दंपत्ति दिल्ली में अलग-अलग घरों में रह रहे थे।
गायब
7 जुलाई से महिला और बच्चे दोनों गायब
कोर्ट ने 22 मई को 3 दिन के लिए बच्चे की कस्टडी विक्टोरिया को दी थी। सैकत का कहना है कि 22 मई को ही उसने आखिरी बार अपने बेटे को देखा था। उसके बाद 7 जुलाई से महिला और उसके बच्चे का कोई पता नहीं है। महिला घर पर है नहीं है और उसका फोन भी बंद है। 22 मई को कोर्ट ने पुलिस से कहा था कि वो माता-पिता पर निगरानी रखे, इसके बावजूद महिला गायब हो गई।
जासूस
पति का आरोप- महिला रूसी जासूस, दूतावास अधिकारी से अफेयर
सैकत का कहना है कि 4 जुलाई को विक्टोरिया को एक रूसी राजनयिक के साथ रूसी दूतावास में पिछले दरवाजे से घुसते हुए देखा गया था। सैकत का आरोप है कि विक्टोरिया का रूसी राजनयिक के साथ अफेयर है। सैकत के परिवार के मुताबिक, विक्टोरिया जासूसी करने के बाद रूस लौटना चाह रही थी। उसने सैकत से कई बार कोलकाता स्थित सेना की पूर्वी कमान के मुख्यालय घूमने ले जाने की मांग भी की थी।
देश
कोर्ट का आदेश- महिला देश नहीं छोड़ पाए
17 जुलाई को कोर्ट ने दिल्ली पुलिस को तत्काल बच्ची का पता लगाने का निर्देश दिया। कोर्ट ने केंद्र से कहा कि वह महिला के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी करे, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि वह देश छोड़कर न भाग सके। कोर्ट ने यह भी कहा कि अगर रूसी दूतावास के अधिकारी महिला को देश से भगाने या छिपाने में शामिल पाए गए, तो उन पर भी कानूनी कार्रवाई होगी।