Page Loader
मणिपुर: शांति बहाली के लिए बदली गई रणनीति; अवैध चेकपोस्ट बंद, उग्रवादियों पर हो रही सख्ती
मणिपुर में शांति बहाली के लिए सरकार ने रणनीति बदली है

मणिपुर: शांति बहाली के लिए बदली गई रणनीति; अवैध चेकपोस्ट बंद, उग्रवादियों पर हो रही सख्ती

लेखन आबिद खान
Feb 22, 2025
03:46 pm

क्या है खबर?

मणिपुर में राष्ट्रपति शासन लागू होने के बाद शांति बहाली के प्रयासों में तेजी आई है। सरकार ने राज्य में शांति लाने के लिए रणनीति में बड़ा बदलाव किया है। इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक, अब उग्रवादियों पर सख्ती, लूटे गए हथियारों की वसूली, अवैध चेकपोस्ट को बंद करने और अवैध तरीके से लोगों की आवाजाही पर रोक लगाने जैसे कदम उठाने जा रही है। इनमें से कई कदम पहले से उठाए जा रहे हैं, लेकिन अब सख्ती बढ़ाई गई है।

कदम

अवैध चेकपोस्ट हटा रही सरकार

इंडियन एक्सप्रेस ने सूत्रों के हवाले से कहा कि पुलिस अब कुकी और मैतेई दोनों संगठनों के आतंकवादियों को गिरफ्तार करने के लिए व्यापक मुहिम चलाएगी। इसके अलावा पहाड़ी इलाकों की सड़कों पर से कुकी समूहों के अवैध चेकपोस्ट को भी हटाया जा रहा है। जिन लोगों ने सुरक्षाबलों से हथियार लूटे थे, उनके लिए भी एक माफी योजना लाने और अंतिम चेतावनी जारी करने की तैयारी है।

आवाजाही

लोगों और सामान की आवाजाही बढ़ाने पर प्रशासन का ध्यान

रिपोर्ट के मुताबिक, पहाड़ी इलाकों में माल और लोगों की आवाजाही का बेहतर बनाना सरकार की बड़ी प्राथमिकता है। फिलहाल पहाड़ों में सामान मिजोरम के जरिए भेजा जाता है, क्योंकि मैतेई समूह ट्रकों की आवाजाही बाधित करते हैं। इस वजह से पहाड़ियों में रहने वाले ज्यादातर कुकी लोग और घाटी में रहने वाले मैतेई लोग राज्य के बाहर आने-जाने के लिए एक-दूसरे के इलाकों से गुजरने से परहेज करते हैं और सड़क के बजाय हवाई मार्ग का इस्तेमाल करते हैं।

बयान

अधिकारियों ने बताई शांति बहाली की योजना

इंडियन एक्सप्रेस से गृह मंत्रालय के एक अधिकारी ने कहा, "सबसे पहले हम यह सुनिश्चित करेंगे कि सामान इंफाल से पहाड़ी और पहाड़ी से इंफाल तक पहुंचे। फिर हम लोगों को पहाड़ियों से घाटी तक और घाटी से पहाड़ों तक हेलीकॉप्टरों से ले जाएंगे। अगर यह कारगर रहा तो हम धीरे-धीरे सड़क मार्ग शुरू करेंगे। यह कश्मीर की तरह काफिले की सुरक्षा तैनात करके किया जाएगा। इस तरह बड़ी संख्या में लोग यात्रा कर पाएंगे।"

गिरफ्तारी

राष्ट्रपति शासन लगने के बाद 30 से ज्यादा उग्रवादी गिरफ्तार

मणिपुर में राष्ट्रपति शासन लगने के बाद पुलिस ने 30 से ज्यादा उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है। इनमें कांगलीपाक कम्युनिस्ट पार्टी (KCP), पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (PLA), कुकी नेशनल आर्मी (KNA) और यूनाइटेड नेशनल कुकी आर्मी (UNKA) जैसे उग्रवादी समूहों के आतंकवादी शामिल हैं। इस दौरान सुरक्षाबलों ने कम से कम 15 इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED), HK राइफल, इंसास राइफल और AK सीरीज की राइफल जैसे अत्याधुनिक हथियार भी बरामद किए हैं।

हिंसा

मणिपुर हिंसा में सैकड़ों मौतें, 13 फरवरी को लगा राष्ट्रपति शासन

मणिपुर में कुकी और मैतेई समुदाय के बीच मई, 2023 से हिंसा जारी है, जो हाई कोर्ट के एक आदेश के बाद भड़क उठी थी। इस दौरान 250 से ज्यादा लोग मारे गए हैं, 1,500 से ज्यादा जख्मी हुए हैं और करीब 60,000 को घर छोड़ना पड़ा है। अब तक 500 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। 9 फरवरी को मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह के इस्तीफा देने के बाद 13 फरवरी को राज्य में राष्ट्रपति शासन लगा दिया हया था।