चारा घोटाला: लालू यादव की जमानत के खिलाफ CBI ने सुप्रीम कोर्ट में दायर की याचिका
क्या है खबर?
चारा घोटाला मामले में लालू प्रसाद यादव की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने मामले में लालू की जमानत को रद्द करने के लिए सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की है। इस पर 25 अगस्त को सुनवाई होनी है।
CBI ने दुमका, डोरंडा, चाईबासा और देवघर मामलों में लालू को मिली जमानत को चुनौती दी है।
बता दें कि इस मामले में लालू को हाई कोर्ट से जमानत मिली हुई है।
याचिका
याचिका में CBI ने क्या कहा है?
NDTV के मुताबिक, CBI ने झारखंड हाई कोर्ट के जमानत देने वाले के आदेशों को चुनौती दी है। CBI ने कहा है कि जमानत के आदेशों का आधार गलत है और लालू ने अपेक्षित समय जेल में नहीं बिताया है।
CBI ने याचिका पर जल्द सुनवाई की मांग की। इस आधार पर सुप्रीम कोर्ट ने सुनवाई की तारीख 25 अगस्त तय की है। 27 मार्च को कोर्ट ने CBI की अन्य याचिकाओं पर नोटिस भी जारी किया था।
घोटाला
क्या है चारा घोटाला?
1990 के दशक में हुए चारा घोटाले में बिहार के पशुपालन विभाग के खजाने से पशुओं के चारे और अन्य चीजों से संबंधित 900 करोड़ रुपये अवैध तरीके से निकाले गए थे। उस समय लालू यादव मुख्यमंत्री थे और झारखंड भी तब बिहार का हिस्सा था।
जनवरी, 1996 में इसका खुलासा हुआ था। बाद में पटना हाई कोर्ट ने मामले की जांच CBI को सौंप दी थी, जिसने लालू यादव समेत 170 से ज्यादा लोगों को आरोपी बनाया था।
5 मामले
घोटाले से जुड़े 5 मामलों में लालू को मिली है सजा
बता दें कि चारा घोटाले से जुड़े 5 मामलों में लालू को सजा हुई है। चाईबासा कोषागार के 2 मामलों और देवघर कोषागार, दुमका कोषागार और डोरंडा कोषागार से अवैध निकासी के मामलों में लालू को सजा हुई है।
आखिरी बार 21 फरवरी, 2022 को CBI के विशेष कोर्ट ने लालू को डोरंडा कोषागार से अवैध निकासी के मामले में 5 साल की जेल और 60 लाख रुपये के जुर्माने की सजा सुनाई थी।
जमानत
पांचों मामलों में लालू को मिल गई थी जमानत
घोटाले से जुड़े 5वें मामले में लालू को फरवरी में सजा हुई थी और 22 अप्रैल, 2022 को उन्हें झारखंड हाई कोर्ट से जमानत मिल गई थी। 4 मामलों में उन्हें पहले ही जमानत मिल चुकी थी।
इसके बाद लालू यादव जेल से बाहर आ गए थे। उन्होंने स्वास्थ्य के आधार पर जमानत की अपील की थी। हालांकि, तब भी CBI ने उनकी जमानत का विरोध किया था।
जेल
घोटाले में 7 बार जेल गए हैं लालू यादव
चारा घोटाले में लालू यादव को पहली सजा 3 अक्टूबर, 2013 को सुनाई गई थी। तब चाईबासा मामले में उन्हें 5 साल की कैद और 25 लाख रुपये के जुर्माने की सजा हुई थी। इस मामले में लालू को लोकसभा सदस्यता भी गंवानी पड़ी थी।
घोटाले से जुड़े अलग-अलग मामलों में लालू यादव कुल 7 बार जेल जा चुके हैं। हालांकि, उन्होंने जेल में कम वक्त गुजारा और ज्यादातर समय न्यायिक हिरासत में रहे।