अमित शाह बोले- सियांग परियोजना अरुणाचल के लिए अहम, बातचीत से मुद्दों का समाधान निकालेंगे
क्या है खबर?
गृह मंत्री अमित शाह अरुणाचल प्रदेश के दौरे पर हैं। वहां उन्होंने कहा कि सियांग अपर मल्टीपर्पस प्रोजेक्ट (SUMP) एक राष्ट्रीय परियोजना है और अरुणाचल प्रदेश के विकास के लिए यह बेहद अहम है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि परियोजना से जुड़ मुद्दों को बातचीत से सुलझाया जाएगा और इलाके के समुदायों की सांस्कृतिक पहचान और परंपराओं की रक्षा की जाएगी। बता दें कि इस परियोजना के विरोध में 23 अक्टूबर को हिंसक विरोध प्रदर्शन हुए थे।
बयान
शाह बोले- बातचीत से आगे का रास्ता निकालेंगे
शाह ने कहा, "मैं सियांग के अपने भाइयों-बहनों से कुछ कहना चाहता हूं। सियांग परियोजना एक राष्ट्रीय परियोजना है जो अरुणाचल प्रदेश के विकास, देश की ऊर्जा सुरक्षा, राज्य के बजट और आय के साथ-साथ इसके रणनीतिक हितों के लिए भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। "हम सकारात्मक और रचनात्मक चर्चा करेंगे। हम आपको विश्वास में लेंगे और बातचीत के माध्यम से आगे का रास्ता निकालेंगे। आपको इसके बारे में चिंता करने की आवश्यकता नहीं है।"
SUMP
क्या है SUMP?
SUMP एक बड़ी जलविद्युत और जल-भंडारण बांध परियोजना है। यह अरुणाचल प्रदेश के अपर सियांग और सियांग जिलों में सियांग नदी पर प्रस्तावित है।
परियोजना के तहत सियांग नदी पर 11,200 मेगावाट क्षमता का बांध बनाया जाना है। नेशनल हाइड्रोइलेक्ट्रिक पावर कॉरपोरेशन (NHPC) और अरुणाचल प्रदेश सरकार इस परियोजना पर काम कर रही है।
फिलहाल यह परियोजना 'प्री-फिजिबिलिटी' और सर्वे के चरण में है। 2025 में तकनीकी सर्वे शुरू किए गए थे।