
एयर इंडिया विमान हादसा: टेक-ऑफ से लेकर दुर्घटना तक, 98 सेकंड में कब-क्या हुआ?
क्या है खबर?
12 जून को अहमदाबाद में हुए विमान हादसे की प्रारंभिक रिपोर्ट सामने आ गई है। इसमें बताया गया है कि उड़ान भरने के कुछ सेकंड बाद ही विमान के दोनों इंजन बंद हो गए थे। इसे ही हादसे की प्रारंभिक वजह माना गया है। टेक-ऑफ से लेकर दुर्घटनाग्रस्त होने तक विमान 98 सेकंड तक हवा में रहा। इस दौरान पायलटों के बीच बातचीत की जानकारी भी सामने आई है। आइए जानते हैं सेकंड-दर-सेकंड कब-क्या हुआ।
अहमदाबाद
दिल्ली से 11:17 बजे अहमदाबाद पहुंचा था विमान
एयर इंडिया का ये ड्रीमलाइनर विमान सुबह 11:17 बजे उड़ान संख्या AI423 के रूप में दिल्ली से अहमदाबाद पहुंचा था। यानी इस विमान ने दिल्ली से उड़ान भरी थी और अहमदाबाद में कुछ देर रुकने के बाद इसे फिर लंदन के लिए उड़ान भरनी थी। दोपहर 11:55 बजे पायलट और चालक दल के सदस्यों का ब्रीथ एनालाइजर टेस्ट किया गया। तकनीकी जांच के बाद दोपहर 12:10 बजे विमान को अगली उड़ान के लिए अनुमति दी गई थी।
उड़ान
विमान ने कब भरी थी उड़ान?
दोपहर 1:18:38 बजे विमान ने हवाई अड्डे के बे34 से प्रस्थान किया। इसके बाद दोपहर 1:25:15 बजे चालक दल ने टैक्सी क्लीयरेंस का अनुरोध किया। एक मिनट बाद ही विमान ने टैक्सी शुरू की। 1:37:33 बजे विमान को टेक-ऑफ की अनुमति मिली। 5 सेकंड बाद विमान ने टेक-ऑफ रोल शुरू किया। ठीक दोपहर 1:38:39 बजे विमान ने टेक-ऑफ किया। 1:38:42 बजे विमान अपनी अधिकतम दर्ज गति 180 नॉट्स पर पहुंच गया।
इंजन
उड़ान भरने के तुरंत बाद बंद हुए दोनों इंजन
1:38:42 बजे के तुरंत बाद इंजन 1 और इंजन 2 के ईंधन नियंत्रण स्विच बंद हो गए। दोनों स्विच बंद होने में केवल एक सेकंड का अंतर था। 1:38:47 बजे तक दोनों इंजनों ने लगभग काम करना बंद कर दिया। इसी समय रैम एयर टर्बाइन (RAT) सक्रिय हो गया। ये आपातकालीन स्थिति में विमान को कुछ गति प्रदान करता है। 1:38:52 बजे इंजन 1 और 1:38:56 बजे इंजन 2 के स्विच को पायलट ने दोबारा चालू किया।
क्रैश
क्रैश से ठीक पहले क्या-क्या हुआ?
रिपोर्ट में कहा गया है कि इंजन 1 कुछ हद तक चालू हो गया, लेकिन इंजन 2 चालू नहीं हो सका। फिर 1:39:05 बजे पायलट ने ATC को आपातकालीन संदेश भेजा। ATC कुछ कर पाता इसके 6 सेकंड बाद यानी 1:39:11 बजे विमान से डेटा आना बंद हो गया। यानी विमान दुर्घटनाग्रस्त हो चुका था। इसके बाद दोपहर 1:44:44 बजे दुर्घटनास्थल पर भेजने के लिए दमकल की गाड़ियां हवाई अड्डे से बाहर निकली।
जानकारी
पायलटों के बीच क्या बातचीत हुई?
रिपोर्ट के मुताबिक, कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डिंग में एक पायलट दूसरे से पूछते हुए सुना गया कि उसने स्विच बंद क्यों किया। दूसरे पायलट ने जवाब दिया कि उसने ऐसा नहीं किया।