4 नवंबर को मुंबई के नायगांव स्टेशन पर एक 20 साल की महिला को भीड़ भरी लोकल ट्रेन से कथित तौर पर धक्का दे दिया गया। इस हादसे में उसका बायां हाथ कट गया। महिला गलती से दिव्यांगों के डिब्बे में चढ़ गई थी।
वहां जितेंद्र हिरमुखे (53) नाम के शख्स ने कथित तौर पर उसके साथ छेड़छाड़ की। जब महिला ने विरोध किया, तो बात झगड़े तक पहुंच गई। आरोप है कि उस शख्स ने उसे ट्रेन से धक्का दे दिया।
धक्का लगने से वह ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच की जगह में जा गिरी। वह उठने की कोशिश कर ही रही थी कि ट्रेन चल पड़ी, जिससे वह बुरी तरह जख्मी हो गई।
हाथ कटने के बाद आरोपी जितेंद्र हिरमुखे गिरफ्तार
ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच गिरने के बाद, उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। वहां से बाद में उसे कूपर अस्पताल रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों को उसका हाथ काटना पड़ा।
पुलिस ने हिरमुखे का पता लगाया, जिसने चेहरा ढककर अपनी पहचान छिपाने की कोशिश की थी। एक हफ्ते बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।