अरुणाचल प्रदेश के परसी-पारलो इलाके में गुरुवार तड़के भीषण आग लग गई। इस दर्दनाक घटना में एक महिला और उसके 3 बच्चों की मौत हो गई।
महिला का पति अभी भी लापता है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है। जानकारी के मुताबिक, आग करीब रात 2:30 बजे लगी थी। माना जा रहा है कि आग रसोई से शुरू हुई और बहुत तेजी से फैल गई।
परसी-पारलो में आग से 19 घर जलकर खाक
आग की वजह से इलाके के 24 घरों में से 19 घर पूरी तरह जलकर राख हो गए। परसी-पारलो में अपना कोई फायर स्टेशन नहीं है। ऐसे में, कोलोरियांग में तैनात फायर टेंडर, जो करीब 38 किलोमीटर दूर है, वह भी समय पर घटना स्थल तक नहीं पहुंच पाया।
मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने इस हादसे पर गहरा दुख जताया है और अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रभावित लोगों को हर तरह की सहायता दी जाए।