केरलम के मलप्पुरम जिले में शिगेला संक्रमण के 75 मामले सामने आए हैं। अरीकोड, पुलपट्टा और इदावन्ना में भी नए मामले दिख रहे हैं। जिला चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर वी विनोद ने बताया है कि इनमें 8 ऐसे मामले भी हैं जो संक्रमित लोगों के संपर्क में आने से हुए हैं। स्वास्थ्य अधिकारी पूरी तरह सतर्क हैं और सभी से ज्यादा सावधानी बरतने की अपील कर रहे हैं।
कैसे फैलता है वायरस, लक्षण और बचाव के तरीके
शिगेला आंतों का एक इंफेक्शन है। यह गंदे खाने या पानी से फैलता है। अगर कोई संक्रमित व्यक्ति हाथ धोए बिना किसी चीज को छू ले, तो उससे भी यह फैल सकता है।
इसमें आमतौर पर डायरिया, पेट में एंठन, बुखार और उल्टी जैसे लक्षण होते हैं। इस बीमारी को फैलने से रोकने के लिए स्वास्थ्य टीमों ने सार्वजनिक भोज पर रोक लगा दी है।
लोगों को सिर्फ उबला हुआ पानी पीने और ताजा पका हुआ खाना खाने की सलाह दी गई है। अपने हाथों को अच्छी तरह धोना और बाहर के नाश्ते से बचना इस समय आपको सुरक्षित रख सकता है।