LOADING...
छत्तीसगढ़: दंतेवाड़ा से सुकमा तक, हालिया समय में हुए सबसे बड़े नक्सली हमलों पर एक नजर
छत्तीसगढ़ में हुए बड़े नक्सली हमलों पर एक नजर (तस्वीर: ट्विटर/@jagdishthakormp)

छत्तीसगढ़: दंतेवाड़ा से सुकमा तक, हालिया समय में हुए सबसे बड़े नक्सली हमलों पर एक नजर

लेखन नवीन
Apr 26, 2023
07:11 pm

क्या है खबर?

छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में बुधवार को एक बड़ा नक्सली हमला हुआ। इस हमले में डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड (DRG) के 10 जवान शहीद हो गए, जबकि एक स्थानीय नागरिक की जान चली गई। घटना अरनपुर थाना क्षेत्र की है, जहां नक्सलियों ने बारूदी सुरंग के जरिए विस्फोट किया और धमाके में जवानों की मौत हो गई। छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद बड़ी समस्या है और नक्सली पहले भी कई हमलों को अंजाम दे चुके हैं। आइए इन हमलों के बारे में जानते हैं।

दंतेवाड़ा

2010 में 76 CRPF जवान हुए शहीद 

6 अप्रैल, 2010 को छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में ही एक बड़े नक्सली हमले में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के 76 जवान शहीद हो गए थे। उस वक्त इलाके में करीब 1,000 से अधिक नक्सलियों ने घात लगाकर 150 जवानों को घेर लिया था। इसके बाद जवानों और नक्सलियों के बीच काफी देर तक मुठभेड़ चली। इस घटना में 76 जवान शहीद हो गए थे, जबकि 8 नक्सलियों की भी मौत हुई थी।

सुकमा

2013 में कांग्रेस नेताओं सहित 32 ने गंवाई जान 

25 मई, 2013 को छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले की झीरम घाटी में नक्सलियों ने कांग्रेस की परिवर्तन यात्रा को निशाना बनाया था। 200 से ज्यादा नक्सलियों ने यात्रा काफिले को चारों तरफ से घेर लिया और फिर अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी। इस नक्सली हमले में राज्य के पूर्व मंत्री नंद कुमार पटेल, वरिष्ठ नेता महेंद्र कर्मा, विद्याचरण शुक्ल और कई पुलिसकर्मियों सहित कुल 32 लोगों की मौत हुई थी, जबकि 30 से ज्यादा लोग घायल हुए थे।

सुकमा

2014 में 20 जवान हुए शहीद

11 मार्च, 2014 को सुकमा जिले के तोंगपाल थाना क्षेत्र में भी नक्सलियों ने एक बड़े हमले को अंजाम दिया था। इस हमले में CRPF की 80वीं बटालियन के 11 जवान और छत्तीसगढ़ पुलिस के 4 जवान शहीद हो गए थे, जबकि एक स्थानीय नागरिक की भी मौत हो गई थी। इसी साल 12 अप्रैल को बस्तर जिले के दरभा में हुए एक और नक्सली हमले में 5 जवानों समेत 14 लोगों की मौत हो गई थी।

2017

2017 में 37 जवान हुए शहीद

साल 2017 में भी सुकमा जिले में नक्सलियों ने दो बड़े हमलों को अंजाम दिया था। 11 मार्च को सुकमा के दुर्गम भेज्जी इलाके में हुए नक्सली हमले में CRPF के 12 जवान शहीद हो गए थे। इसके बाद 24 अप्रैल को अपने कैंप से गश्त पर निकली जवानों की टुकड़ी पर 300 से अधिक नक्सलियों ने घात लगाकर हमला कर दिया था। इस हमले में CRPF के 25 जवान शहीद हो गए थे।

हमला

2020 से लेकर 2022 तक 42 जवान शहीद

21 मार्च, 2020 को सुकमा जिले के मिनपा में हुए नक्सली हमले में 17 जवान शहीद हो गए थे। इस हमले के करीब एक साल बाद 4 अप्रैल, 2021 में बस्तर जिले में 400 नक्सलियों ने घात लगाकर सुरक्षाबलों पर हमला कर दिया था। इस हमले में 22 जवान शहीद हो गए थे। पिछले साल 21 जून को छत्तीसगढ़-ओडिशा सीमा पर स्थित CRPF चौकी पर हुए नक्सली हमले में 3 जवान शहीद हो गए थे।