Page Loader
बप्पी लहरी से लेकर केके तक, इस साल इन भारतीय संगीतकारों ने दुनिया को कहा अलविदा
इस साल फरवरी में हुआ था बप्पी लहरी का निधन

बप्पी लहरी से लेकर केके तक, इस साल इन भारतीय संगीतकारों ने दुनिया को कहा अलविदा

Dec 19, 2022
10:30 pm

क्या है खबर?

2022 खत्म होने के साथ ही कुछ दिनों में नए साल की शुरुआत होने जा रही है। हालांकि, यह साल मनोरंजन जगत के लिए बेहद गमगीन रहा। 2022 ने हमें कई ऐसी कड़वी यादें दी हैं, जिन्हें कभी नहीं भुलाया जा सकता है। इस साल भारतीय संगीतकार लता मंगेशकर से लेकर बप्पी लहरी जैसे कई कलाकारों ने दुनिया को अलविदा कह दिया। आइए जानते हैं उन दिग्गज संगीतकारों के बारे में, जो इस दुनिया को अलविदा कह कर चले गए।

#1

लता मंगेशकर

स्वर कोकिला लता मंगेशकर का जाना सिनेमा जगत के लिए एक अपूर्णीय क्षति थी। 6 फरवरी, 2022 को 92 साल की उम्र में मुंबई के एक अस्पताल में लता दीदी का निधन हो गया था। उन्होंने अपने जीवनकाल में 30,000 से अधिक गानों को अपनी आवाज दी और कई दशकों तक म्यूजिक इंडस्ट्री पर राज किया। आज भले ही लता दीदी हमारे बीच नहीं हैं, मगर वह हमेशा लोगों के दिलों में जिंदा रहेंगी।

#2

कृष्ण कुमार कुन्नाथ (केके)

बॉलीवुड के दिग्गज म्यूजिक कंपोजर और सिंगर केके का आकस्मिक निधन देश के लिए बहुत बड़ा सदमा था। 31 मई, 2022 को कोलकाता में एक स्टेज परफॉर्मेंस के बाद केके ने दुनिया को अलविदा कह दिया था। 53 साल की उम्र में उनके निधन की खबर ने उनके फैंस को हिला कर रख दिया था। 'प्यार के पल' और 'यारों दोस्ती' जैसे अनगिनत सुपरहिट गानों के चलते केके को आज भी याद किया जाता है।

#3

बप्पी लहरी

दिग्गज सिंगर-कम्पोजर बप्पी लहरी का देहांत भी इस साल 16 फरवरी, 2022 को हुआ था। वह ऑब्सट्रक्टिव स्लीप एपनिया की बीमारी से पीड़ित थे। बप्पी दा ने 80 और 90 के दशक में कई फिल्मों में ब्लॉकबस्टर गाने दिए हैं, जिन पर आज भी लोग थिरकने से खुद को नहीं रोक पाते। बता दें कि उन्हें गोल्ड ज्वैलरी का काफी शौक था और वह ज्यादातर समय सोने की मोटी-मोटी चेन के साथ दिखाई देते थे।

#4

पंडित बिरजू महाराज

कथक नर्तक और संगीतकार पंडित बिरजू महाराज का निधन 16 जनवरी, 2022 को अपने 85वें जन्मदिन से ठीक एक महीने पहले हुआ था। बता दें कि बिरजू महाराज ने अपने पिताजी अच्छन महाराज, चाचा शम्भू महाराज और लच्छू महाराज से कथक की तालीम हासिल की थी। बिरजू महाराज ने कई बॉलीवुड फिल्मों के लिए डांस कोरियोग्राफ किया था। उन्होंने सत्यजीत रे की लखनऊ की पृष्ठभूमि पर बनी फिल्म 'शतरंज के खिलाड़ी' में दो गीत गाए और कोरियोग्राफी भी की।

#5

सिद्धू मूसेवाला

29 मई, 2022 को मशहूर पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। गायक की मौत ने उनके चाहने वालों को हिला कर रख दिया था। वह अपने रैप के लिए जाने जाते थे। सिद्धू अपने दोस्तों के साथ जीप से जा रहे थे, तभी अन्य गाड़ियों से आए हमलवारों ने उन्हें घेर कर उनकी जीप पर गोली बरसाना शुरू कर दिया था। सिद्धू को मौत को लेकर अभी भी खोजबीन जारी है।