Page Loader
करण जौहर और प्रियंका चोपड़ा के बीच विवाद कब और क्यों हुआ था? जानिए सबकुछ
क्या था करण जौहर और प्रियंका चोपड़ा के बीच विवाद?

करण जौहर और प्रियंका चोपड़ा के बीच विवाद कब और क्यों हुआ था? जानिए सबकुछ

Mar 29, 2023
12:24 pm

क्या है खबर?

प्रियंका चोपड़ा ने हाल ही में बताया कि वह बॉलीवड छोड़ हॉलीवुड क्यों गईं। उनके मुताबिक, उन्होंने हॉलीवुड में काम तलाशना इसलिए शुरू किया, क्योंकि बॉलीवुड में उन्हें दरकिनार कर दिया गया। इस पर कंगना रनौत ने करण जौहर का नाम लिया और प्रियंका के खिलाफ राजनीति करने के लिए उन्हें जिम्मेदार ठहराया। आइए जानते हैं कि कंगना ने करण का नाम क्यों लिया और उनके बीच ऐसा क्या विवाद था, जिसने प्रियंका को बॉलीवुड छोड़ने पर मजबूर कर दिया।

बयान

सबसे पहले जानते हैं प्रियंका ने क्या कहा

डैक्स शेपर्ड के पॉडकास्ट पर प्रियंका से उनके अमेरिका में काम करने का कारण पूछा गया था। इसके जवाब में उन्होंने कहा, "यह तब हुआ, जब मैं बॉलीवुड से बाहर निकलने का रास्ता तलाश रही थी। मुझे बॉलीवुड में एक कोने में धकेला जा रहा था।" उन्होंने कहा, "लोग मुझे कास्ट नहीं कर रहे थे। मुझे शिकायत थी। मैं वो गेम खेलने में अच्छी नहीं हूं। मैं राजनीति से थक गई थी। मैंने सोचा कि मुझे ब्रेक की जरूरत है।"

जिज्ञासा

कंगना के ट्वीट के बाद लोगों के मन में उठ रहा सवाल

प्रियंका के इस खुलासे के बाद जहां सोशल मीडिया पर हंगामा मच गया, वहीं कंगना ने ट्वीट किया, 'प्रियंका ने करण की वजह से इंडस्ट्री छोड़ी। अपनी मेहनत से यहां तक पहुंची मह‍िला को हमने देश से बाहर जाने पर मजबूर कर द‍िया। हर कोई जानता है कि करण जौहर ने उसे बैन क‍िया था।' कंगना के ट्वीट के बाद हर कोई जानना चाहता है कि आखिर प्रियंका की करण से क्या दुश्मनी थी?

शुरुआत

2012 में शुरू हुआ था झगड़ा

हिन्दुस्तान टाइम्स के मुताबिक, प्रियंका-करण के बीच मतभेद की शुरुआत 2012 में हुई थी, जब शाहरुख खान संग प्रियंका के अफेयर की खबरों से बॉलीवुड का बाजार गर्म था। एक तरफ शाहरुख को पत्नी गौरी से धमकी मिल रही थी। उधर करण, गौरी के करीबी थे, जिसके चलते वह प्रियंका से किनारा करने लगे थे। उन्होंने प्रियंका की पार्टी में एंट्री बंद करा दी थी। इसके बाद प्रियंका की एक दोस्त ने करण के इस रवैये पर बात की थी।

बयान

क्या बोली थीं प्रियंका की दोस्त?

प्रियंका की दोस्त ने बताया था, "वह (करण) उसे बॉलीवुड से बाहर करने की साजिश रच रहा है। यह बहुत आहत करने वाला है। कई सितारों की पत्नियों ने प्रियंका के खिलाफ कहानियां बुनीं और अपने पतियों को उनके साथ काम करने से रोका।" उन्होंने कहा, "प्रियंका ने कुछ गलत नहीं किया। अगर ये महिलाएं अपने पति के साथ अपने संबंधों को लेकर असुरक्षित हैं तो उन्हें घर पर इसे सुलझाना चाहिए। वे प्रियंका पर हमला क्यों बोल रही हैं?"

चेतावनी

करण ने ट्वीट कर दी चेतावनी

अब ये कमेंट करण के लिए ही था। शायद इसलिए करण से अपनी बुराई बर्दाश्त नहीं हुई और उन्होंने ट्वीट किया, 'दोस्तों के पीछे छिपना और भाड़े में ली गई PR मशीनरी का इस्तेमाल करना, वो भी इसलिए ताकि खबरों में जगह मिले, ये और कुछ नहीं, बल्कि एक बहुत कायरना कदम है।' उन्होंने लिखा, 'कुछ लोगों को उठकर कॉफी कुछ भांपने की जरूरत है। ज्यादा देर हो जाए इससे पहले सच्चाई जान लो और अच्छाई से पंगा मत लो।'

रिश्ता

करण और प्रियंका के बीच अब सब कुछ ठीक

रिपोर्ट्स के मुताबिक, उस दौरान प्रियंका से बॉलीवुड किनारा कर रहा था। उनसे कई फिल्में छीनी गई थीं। शाहरुख से अफेयर की चर्चा के बाद दोनों फिर कभी साथ नजर नहीं आए। आज तक वे एक-दूसरे के संपर्क में नहीं हैं। उन दिनों भले ही करण और प्रियंका के बीच विवाद की खबरें आई हों, लेकिन अब दोनों के बीच सब ठीक है। खुद करण ने यह खुलासा किया था। प्रियंका शो 'कॉफी विद करण' में भी दिखी थीं।