विक्रम भट्ट पर गुस्साई मेकअप आर्टिस्ट बोलीं- थक गई चक्कर काट-काटकर, पर नहीं मिली फूटी-कौड़ी
क्या है खबर?
लोकप्रिय फिल्म निर्माता और निर्देशक विक्रम भट्ट की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। पहले से ही 30 करोड़ रुपये के धोखाधड़ी मामले में फंसे विक्रम पर अब उनकी अपनी फिल्म '1920: हॉरर्स ऑफ द हार्ट' की क्रू ने गंभीर आरोप लगाए हैं। फिल्म की कास्टिंग टीम और क्रू के सदस्यों का दावा है कि फिल्म की सफलता के बावजूद उन्हें पिछले काफी समय से उनके काम का मेहनताना नहीं दिया गया है।
आरोप
'1920' की सफलता के बाद भी क्रू को नहीं मिला पैसा?
30 करोड़ रुपये के धोखाधड़ी मामले में कानूनी कार्रवाई के बीच अब विक्रम की फिल्म '1920: हॉरर्स ऑफ द हार्ट' के बकाया भुगतान का विवाद गहरा गया है। कास्टिंग डायरेक्टर पराग चड्ढा द्वारा सार्वजनिक रूप से गैर-भुगतान का आरोप लगाने के बाद अब फिल्म की क्रू के एक और सदस्य ने सामने आकर इसी तरह के दावे किए हैं। क्रू का आरोप है कि फिल्म की रिलीज और सफलता के लंबे समय बाद भी उनका मेहनताना नहीं दिया गया है।
दावा
मेकअप आर्टिस्ट ने किया बड़ा दावा
फिल्म '1920: हॉरर्स ऑफ द हार्ट' की हीरोइन अविका गौर की मेकअप आर्टिस्ट स्नेहा शर्मा ने मिड डे से बातचीत में खुलासा किया कि उनकी पूरी टीम का मेहनताना डकार लिया गया है। उन्होंने कहा, "मेरी फीस 20 लाख तय हुई थी, लेकिन सिर्फ मैं हीं नहीं, बल्कि मेरे सहायकों को भी फूटी कौड़ी नहीं दी गई है।" स्नेहा ने बताया कि उनकी मेहनत की कमाई के लिए कैसे उन्हें बार-बार दौड़ाया गया, पर फिर भी एक पैसा नहीं मिला।
भुगतान
"बार-बार संपर्क के बाद भी नहीं मिला पैसा"
रिपोर्ट के मुताबिक, स्नेहा शर्मा लंबे समय से अपनी बकाया राशि का इंतजार कर रही हैं। उन्होंने साझा किया कि उन्होंने विक्रम की टीम, उनके अकाउंटेंट्स और एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर्स से कई बार संपर्क किया, लेकिन उन्हें आज तक कोई साफ जवाब या स्पष्टता नहीं मिली है। उन्होंने कहा, "बार-बार मिन्नतें करने के बावजूद हमारी मेहनत की कमाई अब तक अटकी हुई है। हम लगातार विक्रम की टीम के संपर्क में रहे, लेकिन किसी ने भी हमें सीधा जवाब नहीं दिया।"
खुलासा
आई घर छोड़ने तक की नौबत
स्नेहा ने खुलासा किया कि भुगतान न होने के कारण उनकी टीम के सदस्य गंभीर संकट में आ गए थे। उन्होंने कहा, "मेरी हेयरस्टाइलिस्ट को उसके घर से निकाले जाने की नौबत आ गई थी। शुरुआत में उन्होंने हमें भुगतान किया, लेकिन दूसरे शेड्यूल के दौरान कह दिया गया कि उनके पास फंड नहीं है, लेकिन हैरानी की बात यह है कि उसी दौरान उन्होंने एक और फिल्म की शूटिंग शुरू कर दी।"
किनारा
विक्रम भट्ट की बेटी ने भी झाड़ा पल्ला
स्नेहा ने बताया कि उनकी फीस 18,000 प्रतिदिन तय की गई थी, लेकिन फिल्म की शूटिंग पूरी होने के बाद भी उन्हें उनकी कुल कमाई का सिर्फ आधा हिस्सा (50%) ही दिया गया है। बाकी के पैसों के लिए वो अब भी संघर्ष कर रही हैं। स्नेहा बोलीं कि उन्होंने फिल्म की निर्देशक और विक्रम भट्ट की बेटी कृष्णा भट्ट से मदद मांगी तो उन्होंने ये कहकर पल्ला झाड़ लिया कि वो अकाउंट्स टीम का हिस्सा नहीं हैं।
फिल्म
कब रिलीज हुई थी '1920: हॉरर्स ऑफ द हार्ट'?
जब स्नेहा ने बकाया पैसे न मिलने पर दोबारा काम करने से मना कर दिया तो निर्माता ने उनकी जगह किसी और मेकअप आर्टिस्ट से मुफ्त में काम करवा लिया। कृष्णा भट्ट के निर्देशन में बनी हॉरर ड्रामा '1920: हॉरर्स ऑफ द हार्ट' जून 2023 में रिलीज हुई थी, जिसमें अविका गौर, दानिश पांडोर और राहुल देव मुख्य भूमिकाओं में थे। यह हॉरर ड्रामा लोकप्रिय '1920' फ्रैंचाइजी की 5वीं किस्त थी, जिसकी कहानी महेश भट्ट ने लिखी थी।