रश्मिका-विजय की शादी का जश्न पूरे भारत में, 14 राज्यों में मिठाई और मंदिरों में अन्नदान
क्या है खबर?
विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना, जिन्हें उनके फैंस 'विरोश' कहते हैं, अपनी शादी के बाद एक नेक कदम को लेकर चर्चा में हैं। उदयपुर में एक निजी समारोह में शादी के बंधन में बंधने के बाद इस जोड़ी ने अपनी खुशी को अपने तक सीमित न रखकर भारत के प्रशंसकों के साथ साझा करने का फैसला किया है। दोनों ने घोषणा की है कि वे देशभर के शहरों में अपने प्रशंसकों के लिए मिठाई और भोजन भिजवा रहे हैं।
तोहफा
देशभर में मिठाइयों के ट्रक भेजेंगे विजय-रश्मिका
ये वास्तव में एक बहुत ही प्यारा और दिल जीतने वाला कदम है। दक्षिण भारतीय सिनेमा के मशहूर सितारे विजय और रश्मिका ने अपने फैंस को एक खास सरप्राइज देने का फैसला किया है। विजय और रश्मिका ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरीज के जरिए बताया कि वे अगले महीने पूरे देश में अपने फैंस के लिए मिठाइयां और खाना भेजेंगे। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा कि वो भारत के अलग-अलग शहरों में प्यार और मिठाइयों से भरे ट्रक भेज रहे हैं।
घोषणा
1 मार्च को देशभर में बंटेंगी खुशियां
रश्मिका-विजय ने अपने पोस्ट में लिखा, 'इस देश के खूबसूरत लोगों के नाम। आप हमेशा से हमारे सफर और हमारे प्यार का हिस्सा रहे हैं। अपनी शादी का जश्न आप सभी के साथ मनाना हमें वाकई बहुत खुशी देगा और भारत हर चीज का जश्न कैसे मनाता है? मिठाई और खाने के साथ (स्माइली इमोजी)।' उन्होंने बताया कि 1 मार्च को वे देशभर में मिठाइयों से भरे ट्रक भेजेंगे, ताकि इस खास पल को फैंस के साथ साझा कर सकें।
खुशी और सेवा
मंदिरों में बंट रहा खाना, सुबह से शुरू हुआ सेवा कार्य
इस कदम के पीछे का मकसद अपनी शादी की खुशी को प्रशंसकों के साथ साझा करना है। कुल 14 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में ट्रकों के जरिए मिठाई भेजी जा रही है। इसमें दिल्ली से लेकर उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, चंडीगढ़, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी तक शामिल है। इसके अलावा कर्नाटक, तमिलनाडु, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के प्रसिद्ध मंदिरों में सुबह से ही भोजन वितरण की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।
जश्न
अरावली की वादियों में शादी, अब देशभर में जश्न
विजय-रश्मिका ने आखिरकार अपनी जिंदगी के नए सफर की शुरुआत कर दी है। अरावली की पहाड़ियों के बीच उनकी शादी की तस्वीरें और एक-दूसरे के लिए लिखे गए संदेश सोशल मीडिया पर छाए हुए हैं। विजय और रश्मिका ने 26 फरवरी को एक-दूसरे का हाथ थामा। इस समारोह में केवल परिवार के सदस्य और बेहद करीबी दोस्त ही शामिल हुए। अब उनकी शादी के उपलक्ष्य में देशभर में मिठाइयां बांटी जा रही हैं और मंदिरों में अन्नदान हो रहा है।