
कॉमेडियन समय रैना ने डिलीट किए 'इंडियाज गॉट लेटेंट' के सारे एपिसोड, तोड़ी चुप्पी
क्या है खबर?
टीवी शो 'इंडियाज गॉट लेटेंट' शुरुआत से ही विवादों में रहा है। हालांकि, पिछले दिनों इस शो में यूट्यूबर रणवीर अल्लाहबादिया ने जो बयान दिया, उसके बाद से तो लोग शो बंद करने की मांग कर रहे हैं।
महाराष्ट्र साइबर पुलिस ने भी इस मामले में शो से जुड़े 30 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। अब कॉमेडियन समय रैना ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर बताया है कि उन्होंने शो के सारे एपिसोड डिलीट कर दिए हैं।
कदम
समय ने सोशल मीडिया पर दी जानकारी
शो 'इंडियाज गॉट लेटेंट' समय का है। इसके हर एपिसोड में कुछ लोगों को बुलाया जाता है, जो जज की भूमिका में होते हैं।
आशीष चंचलानी, अपूर्वा मखीजा और रणवीर भी शो में बतौर जज ही शामिल हुए थे। रणवीर ने शो के बीच माता-पिता को लेकर एक आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी थी, जिसके बाद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा था।
अब समय ने शो के सारे एपिसोड डिलीट कर दिए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर यह जानकारी दी है।
पोस्ट
मेरा इरादा केवल लोगों को हंसाना था- समय
इस विवाद पर रणवीर ने एक वीडियाे जारी कर दर्शकों से माफी मांग ली थी और अब समय ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर लिखा, 'जो कुछ भी हो रहा है, उससे निपटना मेरे लिए बहुत मुश्किल हो रहा है। मैंने अपने यूट्यूब चैनल से 'इंडियाज गॉट लेटेंट' के सारे एपिसोड डिलीट कर दिए हैं। मेरा इरादा केवल लोगों को हंसाना और अच्छा समय बिताने का था। मैं सभी एजेंसियों के साथ पूछताछ में सहयोग करूंगा ताकि जांच में आसानी रहे।'
पूछताछ
17 मार्च को मुंबई लौटेंगे समय
मुंबई पुलिस ने सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर अपूर्वा मखीजा समेत 6 लोगों के बयान दर्ज किए हैं, वहीं समय रैना के वकीलों ने पेशी के लिए समय मांगा है, क्योंकि समय फिलहाल अमेरिका के दौरे पर हैं। वह 17 मार्च को मुंबई लौटेंगे।
पुलिस ने उनकी टीम को स्पष्ट कर दिया है कि जांच इतनी देर तक नहीं रोकी जा सकती, इसलिए समय को पूछताछ शुरू होने की तारीख से 14 दिनों के भीतर पुलिस के सामने पेश होना होगा।
विवाद
किस बात पर हो रहा विवाद?
यूट्यूबर रणवीर अल्लाहबादिया ने समय के शो 'इंडियाज गॉट लेटेंट' में एक व्यक्ति से सवाल पूछा था कि क्या आप अपने माता-पिता को अपने जीवन के बाकी हिस्से के लिए हर दिन संबंध बनाते हुए देखेंगे या एक बार इसमें शामिल होंगे और इसे हमेशा के लिए रोक देंगे?
उनके इस सवाल पर लोग भड़के हुए हैं।
उधर ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) ने अमित शाह को लिखे पत्र में इस शो को बंद करने की मांग की है।