तेजा सज्जा अमेरिका में रहने वाली लड़की को बनाएंगे हमसफर, मुख्यमंत्री को दिया सगाई का न्योता
क्या है खबर?
फिल्म 'हनु-मैन' से देशभर में मशहूर हुए अभिनेता तेजा सज्जा अपनी जिंदगी का नया सफर शुरू करने जा रहे हैं। वो दिसंबर, 2026 में अमेरिका की एक टेक प्रोफेशनल संग शादी के बंधन में बंधेंगे। शादी के रीति-रिवाजों से पहले तेजा ने हैदराबाद में तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी से मुलाकात की और उन्हें अपनी सगाई का न्योता दिया। मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने भी सोशल मीडिया पर तस्वीरें साझा कर अभिनेता को सगाई के लिए शुभकामनाएं दी हैं।
शादी
राजस्थान में शादी रचाएंगे तेजा सज्जा
तेजा की सगाई नवंबर, 2026 में होगी, जिसके बाद वो अगले महीने राजस्थान में एक निजी समारोह में शादी रचाएंगे।
शादी के बाद तेलुगू फिल्म इंडस्ट्री के दोस्तों के लिए हैदराबाद में एक भव्य रिसेप्शन का आयोजन भी किया जाएगा।
अपनी होने वाली दुल्हन को लेकर बात करते हुए तेजा सज्जा ने खुलासा किया कि उनकी मंगेतर अमेरिका में रहती हैं और अपने पिता के साथ टेक्नोलॉजी सेक्टर में काम करती हैं। उनका फिल्म इंडस्ट्री से कोई लेना-देना नहीं है।
ट्विटर पोस्ट
यहां देखिए मुख्यमंत्री का पाेस्ट
సినీ నటుడు తేజ సజ్జ మర్యాదపూర్వకంగా కలిశారు. తన నిశ్చితార్థ వేడుకకు ఆహ్వానించారు. pic.twitter.com/X7Mtjf2Icm
— Revanth Reddy (@revanth_anumula) November 6, 2026
लाइमलाइट
ग्लैमर जगत से दूर तेजा सज्जा की होने वाली दुल्हनिया
तेजा ने अपनी होने वाली पत्नी को लेकर कहा, "वो अमेरिका में पली-बढ़ी हैं और इस लाइमलाइट से पूरी तरह दूर हैं। मुझे उनकी यही बात सबसे ज्यादा पसंद आई और मैं इसे आगे भी ऐसे ही रखना चाहता हूं। उनके परिवार का फिल्मों से कोई ताल्लुक नहीं है। वे टेक इंडस्ट्री से जुड़े हैं। मैं उनकी पहचान को मीडिया और चकाचौंध से दूर रखकर शादी के इस निजी समारोह की निजता को बनाए रखना चाहता हूं।"
लोकप्रियता
तेजा ने 'हनु-मैन' से कमाया नाम
काम की बात करें तो तेजा ने साल 2024 में आई सुपरहिट फिल्म 'हनु-मैन' से दर्शकों के बीच अपनी खास पहचान बनाई थी।
इसके अलावा वो 'मिराई' और 'जॉम्बी रेड्डी' जैसी फिल्मों में भी नजर आ चुके हैं। फिल्मों के साथ-साथ तेजा ने छोटे पर्दे पर भी अपनी नई पारी शुरू की।
उन्होंने रियलिटी शो 'द ट्रेटर्स' के तेलुगू वर्जन को होस्ट किया। इसमें चिन्मयी श्रीपदा, हर्ष वर्धन और विद्या रमण समेत कुल 20 मशहूर हस्तियों ने हिस्सा लिया था।