Page Loader
सुष्मिता से रवीना टंडन तक: 90 के दशक की इन अभिनेत्रियों ने OTT पर की वापसी
90 के दशक की इन अभिनेत्रियों ने OTT पर की वापसी

सुष्मिता से रवीना टंडन तक: 90 के दशक की इन अभिनेत्रियों ने OTT पर की वापसी

Jun 12, 2022
04:00 pm

क्या है खबर?

पिछले कुछ समय में OTT प्लेटफॉर्म का बिजनेस कई गुना बढ़ा है। खासकर कोरोना वायरस की महामारी के बाद डिजिटल प्लेटफॉर्म के प्रति दर्शकों में दीवानगी देखने को मिली है। आजकल जो फिल्में सिनेमाघरों में आती हैं, उसे बाद में OTT प्लेटफॉर्म पर भी रिलीज किया जाता है। कुछ फिल्में तो सीधे OTT पर ही आ जाती हैं। आज आपको 90 के दशक की उन अभिनेत्रियों से मिलवाएंगे, जिन्होंने OTT के जरिए अपनी वापसी की है।

#1

सुष्मिता सेन

इस सूची में पहला नाम अभिनेत्री सुष्मिता सेन का है। उन्होंने वेब सीरीज 'आर्या' के जरिए अपना डिजिटल डेब्यू किया है। 'आर्या 2' में भी उन्होंने अपने अभिनय का तड़का लगाया। यह सीरीज पिछले साल डिज्नी प्लस हॉटस्टार पर रिलीज हुई थी। राम माधवानी ने इसका निर्देशन किया है। इस लिहाज से देखा जाए तो OTT के जरिए उनकी वापसी दमदार रही है। अब दर्शकों को 'आर्या 3' का इंतजार है।

#2

रवीना टंडन

'अरण्यक' के जरिए 90 के दशक की दिग्गज अभिनेत्री रवीना टंडन का अलग अवतार दर्शकों के बीच आया। एक पुलिस अधिकारी की भूमिका में उन्होंने खूब वाहवाही बटोरी। इस सीरीज का प्रसारण 10 दिसंबर को नेटफ्लिक्स पर हुआ था। दर्शकों ने इस सीरीज को अच्छी प्रतिक्रिया दी है। सीरीज का निर्देशन विनय वैकुल ने किया है। अब काफी समय से 'अरण्यक 2' को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है। इसके दूसरे सीजन की तैयारी जोरो पर है।

#3

माधुरी दीक्षित

वेब सीरीज 'द फेम गेम' के जरिए माधुरी दीक्षित ने हाल में अपना OTT डेब्यू किया है। यह सीरीज 25 फरवरी को नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई थी। इसमें उन्हें अनामिका आनंद के किरदार में देखा गया है, जो एक सफल अभिनेत्री हैं। उनकी वापसी को दर्शकों ने खूब पसंद किया। 'द फेम गेम' में संजय कपूर, मानव कौल, लक्षवीर सरन, सुहासिनी मुले और मुस्कान जाफरी भी अहम किरदारों में हैं। इसका निर्देशन बिजॉय नंबियार और करिश्मा कोहली ने किया।

#4

करिश्मा कपूर

एक दौर था जब 90 के दशक में करिश्मा कपूर बॉलीवुड की सुपरस्टार हुआ करती थीं। शादी करने के बाद वह रूपहले पर्दे से गायब हो गईं। हालांकि, उनकी शादी भी ज्यादा दिनों तक नहीं चल पाई और बिजनेसमैन संजय कपूर से उनका तलाक हो गया। करिश्मा ने 2020 में ऑल्ट बालाजी और ZEE5 की सीरीज 'मेंटलहुड' के साथ अभिनय में अपनी वापसी की थी। यह OTT पर उनका डेब्यू प्रोजेक्ट था।

#5

सोनाली बेंद्रे

सोनाली बेंद्रे भी बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री हुआ करती थीं। वह पिछले काफी समय से मनोरंजन की दुनिया से दूर थीं। उन्होंने हाल ही में न्यूजरूम ड्रामा 'द ब्रोकन न्यूज' से OTT पर अपना डेब्यू किया है। यह सीरीज 10 जून को ZEE5 पर रिलीज हुई है। फैंस सोनाली को उनकी वापसी के लिए बधाई दे रहे हैं। सोनाली के फिल्मी करियर में 'दिलजले', 'सरफरोश', 'हम साथ साथ हैं', 'जख्म', 'मेजर साब', 'सपूत' जैसी फिल्में शामिल हैं।