शाहरुख खान ने फैशन की दुनिया में भी रचा इतिहास, सबको पीछे छोड़ जीता ये खिताब
क्या है खबर?
शाहरुख खान ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि वो सिर्फ बॉक्स ऑफिस के ही नहीं, बल्कि फैशन की दुनिया के भी बादशाह हैं। इधर सब धुरंधर-धुरंधर करते रह गए और उधर शाहरुख ने अमेरिका में इतिहास रच दिया। दरअसल, न्यूयॉर्क टाइम्स ने उन्हें दुनिया के 67 सबसे स्टाइलिश लोगों की सूची में शामिल किया है। किंग खान के प्रशंसकों के लिए ये पल यकीनन किसी जश्न से कम नहीं है।
उपलब्धि
दुनिया के सबसे स्टाइलिश लोगों में से एक शाहरुख
शाहरुख को साल 2025 में न्यूयॉर्क टाइम्स की 67 सबसे स्टाइलिश लोगों की सूची में शामिल किया गया है। इसमें हॉलीवुड के दिग्गज सितारे जेनिफर लॉरेंस, सब्रीना कारपेंटर, रैपर एसैप रॉकी भी शामिल हैं। इस साल मई में शाहरुख ने मेट गाला में शिरकत की थी, जहां उन्होंने मशहूर डिजाइनर सब्यसाची मुखर्जी की डिजाइनर ड्रेस पहनी थी और इसी ने उन्हें ये खिताब दिलाया। 60 की उम्र में शाहरुख ने साबित कर दिया कि उम्र केवल एक संख्या है।
सराहना
शाहरुख के मेट गाला लुक पर फिदा हुआ न्यूयॉर्क टाइम्स
साल 2025 के 67 सबसे स्टाइलिश लोगों की सूची में शाहरुख को जगह देते हुए न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट में लिखा गया, 'फैंस के बीच एसआरके नाम से मशहूर शाहरुख खान न सिर्फ बॉलीवुड के सबसे बड़े सितारों में से एक हैं, बल्कि दुनिया के भी सबसे लोकप्रिय कलाकारों में शुमार हैं। वो पहली बार मेट गाला पहुंचे और अपने लुक से सबको हैरान कर दिया।' न्यूयॉर्क टाइम्स ने बयान के साथ शाहरुख की मेट गाला वालीत स्वीर भी लगाई।
फैशन इवेंट
शाहरुख ने मेट गाला में बिखेरा था जलवा
ये सूची उन लोगों के सम्मान में बनाई गई है, जिन्होंने अपने खास अंदाज और अनोखे फैशन चुनाव के चलते अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी पहचान बनाई है। शाहरुख का इस सूची में नाम आना भारतीय सिनेमा के लिए गर्व की बात है। शाहरुख को मेट गाला में शानदार डेब्यू के लिए भी खूब तारीफ मिली। इस फैशन इवेंट में पहली बार शाहरुख ने शिरकत की थी और अपने लुक से सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया था।
फिल्म
'किंग' की तैयारी में जुटे हैं शाहरुख
शाहरुख इन दिनों अपनी अगली फिल्म 'किंग' की तैयारी में व्यस्त हैं। फिल्म की शूटिंग जोर-शोर से चल रही है और इसी फिल्म के जरिए शाहरुख की बेटी सुहाना खान पहली बार बड़े पर्दे पर नजर आएंगी। ये फिल्म अगले साल बड़े पर्दे पर आएगी। फिल्म का निर्देशन 'पठान' के निर्देशक सिद्धार्थ आनंद कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि ये भारतीय सिनेमा की सबसे महंगी एक्शन फिल्म होगी। अभिषेक बच्चन फिल्म में विलेन बने हैं।