'स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे' का दूसरे हफ्ते में तहलका, 400 करोड़ के क्लब में हुई शामिल
क्या है खबर?
टॉम हॉलैंड की फिल्म 'स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे' ने दूसरे हफ्ते के वीकेंड के अवसर पर तहलका मचा दिया। दोहरे आंकड़ों में कारोबार करते हुए इसने भारत में 400 करोड़ रुपये के क्लब में अपनी जगह पक्की कर ली है। इसकी गड़गड़ाहट से बॉक्स ऑफिस पर मौजूद पंकज त्रिपाठी की फिल्म 'ओह माय डॉग' का हाल बिगड़ गया है। दूसरी ओर, 'द ओडिसी' भी भारत में सुस्त पड़ने लगी हैं। आइए इनकी ताजा कमाई पर डालते हैं एक नजर।
कारोबार
'स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे' का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन
सैकनिल्क के मुताबिक, 'स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे' ने 11वें दिन (रविवार) 34.70 करोड़ रुपये का शानदार कलेक्शन किया है। वहीं 10वें दिन इसने 31 करोड़ कमाए थे।
वीकेंड पर धुंआधार कारोबार करने के बाद फिल्म ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 415.45 करोड़ रुपये का नेट कारोबार कर लिया है। इसकी अगली नजर 500 करोड़ के क्लब में दाखिल होने पर है।
डेस्टिन डेनियल क्रेटन के निर्देशन में बनी इस फिल्म में जेंडाया, जैकब बैटलन और मार्क रफ्लो भी हैं।
अन्य फिल्में
'ओह माय डॉग' का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन
अमित राय द्वारा निर्देशित 'ओह माय डॉग' ने तीसरे दिन 1.25 करोड़ रुपये कमाए हैं, जबकि दूसरे दिन 1.10 करोड़ और पहले दिन 90 लाख रुपये कमाए थे।
इसका कुल बॉक्स ऑफिस कलेक्शन कुल 3.25 करोड़ रुपये हुआ है।
वहीं क्रिस्टोफर नोलन की फिल्म 'द ओडिसी' ने अपनी रिलीज के 3 हफ्ते से ज्यादा समय निकाल लिया है।
इसने 24वें दिन 5.13 करोड़ रुपये कमाए, जिसके बाद भारत में इसका कुल कलेक्शन 169.50 करोड़ रुपये हो गया है।