किसी की सात महीने तो किसी की एक साल, इन सितारों की शादी नहीं चली लंबी
क्या है खबर?
फिल्मी दुनिया जितनी बाहर से चकाचौंध से भरी दिखती है, अंदर से उतनी ही दुखभरी है और यह सिर्फ वो ही शख्स जानता है, जो इस दर्द का शिकार हुआ है।
बॉलीवुड की दुनिया से जुड़ीं कई ऐसी हस्तियां हैं, जिनके अफेयर ने एक समय खूब सुर्खियां बटोरीं। रिश्ता शादी के मुकाम तक भी पहुंचा, लेकिन फिर आखिरकार तलाक पर जाकर इसका अंत हुआ।
आइए आज हम आपको इंडस्ट्री के ऐसे ही कुछ सितारों की जोड़ियों से रूबरू कराते हैं।
#1
रेखा-मुकेश अग्रवाल
'उमराव जान' और 'सिलसिले' जैसी फिल्मों में अपनी अदाकारी की छाप छोड़ने वाली रेखा को भला कौन नहीं जानता।
67 साल की रेखा की गिनती आज भी बॉलीवुड की सबसे खूबसूरत अभिनेत्रियों में होती है।
वैसे तो रेखा का अफेयर कई अभिनेताओं के साथ चला, लेकिन उन्होंने शादी एक बिजनेसमैन मुकेश अग्रवाल से की। हालांकि, उनकी यह शादी महज सात महीने में टूट गई।
इसके बाद मुकेश ने आत्महत्या कर ली। दोनों की प्रेम कहानी का दुखद अंत हुआ।
#2
किशोर कुमार-योगिता बाली
बेहतरीन प्लेबैक सिंगर किशोर कुमार ने योगिता बाली से तीसरी शादी की थी, जो कि लंबे समय तक नहीं टिक पाई। दो साल में ही इनका तलाक हो गया था, जिसके बाद किशोर दा ने लीना चन्दावरकर से चौथी शादी की थी।
दूसरी तरफ योगिता ने मिथुन चक्रवर्ती से शादी रचाई थी। एक इंटरव्यू में किशोर ने खुलासा कहा था कि योगिता के साथ उनकी शादी सिर्फ एक मजाक थी, क्योंकि योगिता ने शादी के लिए कभी गंभीरता नहीं दिखाई।
#3
पुलकित सम्राट-श्वेता रोहिरा
अभिनेता पुलकित सम्राट और श्वेता रोहिरा ने एक-दूसरे को डेट करने के बाद 2014 में शादी की थी। खास बात यह है कि श्वेता, सलमान खान को अपना धर्म भाई मानती हैं, जिस वजह से यह रिश्ता लाइमलाइट में रहा।
खुद सलमान ने श्वेता का कन्यादान किया था, लेकिन शादी के बाद पुलकित और अभिनेत्री यामी गौतम के अफेयर की खबरें सामने आईं और 2015 में ही श्वेता और पुलकित एक-दूसरे से अलग हो गए।
#4
मनीषा कोइराला-सम्राट दहल
मनीषा कोइराला ने नेपाली बिजनेसमैन सम्राट दहल से 2010 में शादी की थी, लेकिन उनके रिश्ते ने भी जल्दी दम तोड़ दिया।
दो साल बाद यानी 2012 में ही दोनों एक-दूसरे से अलग हो गए। रिश्ता नहीं चल पाने को लेकर मनीषा खुद को जिम्मेदार मानती थीं।
उनके मुताबिक, वह इस शादी को निभाना चाहती थीं। यही नहीं पति के साथ रहने के लिए उन्होंने अपना एक आशियाना भी बनाया था, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था।
#5
मल्लिका शेरावत-करण सिंह गिल
मल्लिका अपने बोल्ड छवि की वजह से हमेशा सुर्खियों में रहीं। उनकी शादी की खबर ने भी सुर्खियां बटोरी थीं।
कहा जाता है कि मल्लिका ने बॉलीवुड में आने से पहले ही पायलट करन सिंह गिल से शादी की थी, लेकिन उनकी शादी सिर्फ एक साल चल पाई थी। मल्लिका ने करन से तलाक ले लिया था।
मल्लिका ने कभी मीडिया में अपनी शादी की बात को नहीं स्वीकारा। हांलाकि, उनकी शादी की तस्वीरें इस बात की गवाही देती हैं।
#6
करण सिंह ग्रोवर-श्रद्धा निगम
करण सिंह ग्रोवर टीवी की दुनिया का एक बड़ा नाम थे। 2008 में उन्होंने अपनी गर्लफ्रेंड और टीवी अभिनेत्री श्रद्धा निगम से पहली शादी की थी।
आश्चर्यजनक रूप से उनकी शादी महज 10 महीने में ही टूट गई थी। कहा जाता है कि शादी टूटने की वजह करण के एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर थे।
इसके बाद उन्होंने दूसरी शादी टीवी एक्ट्रेस जेनिफर विंगेट से की, जो दो साल में टूट गई। बिपाशा बासु, करण की तीसरी पत्नी हैं।
#7
सारा खान-अली मर्चेंट
सारा खान और अली मर्चेंट ने 'बिग बॉस 4' के सेट पर शादी की थी। 2010 के अंत में उन्होंने निकाह भी किया। हालांकि, सारा ने महज दो महीने में ही समझ लिया कि उनकी शादी टिक नहीं पाएगी।
दो महीने बाद उन्होंने तलाक ले लिया। हालांकि, तलाक लेने के कारण अलग-अलग गिनाए। कहा तो ऐसा भी गया कि उनकी शादी महज एक पब्लिसिटी स्टंट थी।
अली का कहना था कि सारा से शादी करना उनकी सबसे बड़ी गलती थी।