स्क्रीनराइटर्स एसोसिएशन अवार्ड्स 2026: आर्यन खान समेत ये रहे इस पुरस्कार समारोह के सबसे बड़े विजेता
क्या है खबर?
स्क्रीनराइटर्स एसोसिएशन (SWA) अवार्ड्स 2026 की घोषणा हो चुकी है और इस साल शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान ने अपने लेखन का लोहा मनवाते हुए बड़ी जीत हासिल की है। आर्यन को उनकी बहुचर्चित वेब सीरीज 'बैड्स ऑफ बॉलीवुड' के लिए बेस्ट स्क्रीनप्ले और बेस्ट डायलॉग के पुरस्कार से नवाजा गया है। आइए देखते हैं इस साल के विजेताओं की पूरी सूची, जिसमें कई बड़े लेखकों ने बाजी मारी है।
विजेता
'द बैड्स ऑफ बॉलीवुड' के साथ 'ब्लैक वारंट' ने भी मारी बाजी
स्क्रीनराइटर्स एसोसिएशन ने 'SWA अवार्ड्स' के सातवें संस्करण की इस शानदार शाम में उन लेखकों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने चुनौतीपूर्ण समय के बावजूद रचनात्मकता की सीमाओं को आगे बढ़ाना जारी रखा है। इस पुरस्कार समारोह में आर्यन की सीरीज 'द बैड्स ऑफ बॉलीवुड' ने 'वेब कॉमेडी/म्यूजिकल/रोमांस' श्रेणी में 'बेस्ट डायलॉग' और 'बेस्ट स्क्रीनप्ले' के 2 बड़े पुरस्कार अपने नाम किए। 'स्टोलन' और जेल की कहानी पर बनी मशहूर सीरीज 'ब्लैक वारंट' भी सबसे बड़े विजेताओं के रूप में उभरी।
फीचर फिल्म
फीचर फिल्मों में थ्रिलर 'स्टोलन' का जलवा, टीवी में 'पुष्पा इम्पॉसिबल' ने मारी बाजी
फीचर फिल्म श्रेणी (सिनेमा फिल्मों) में थ्रिलर फिल्म 'स्टोलन' का जलवा रहा, जिसने 2 बड़े पुरस्कार अपने नाम किए। रेशु नाथ को फिल्म 'हक' के लिए फीचर फिल्म श्रेणी में 'बेस्ट डायलॉग' का अवॉर्ड मिला। अरण्य सहाय ने 'ह्यूमन्स इन द लूप' के लिए 'बेस्ट डेब्यू (फिल्म)' का पुरस्कार जीता, जबकि टीवी की श्रेणी में 'बेस्ट स्टोरी' और 'बेस्ट डायलॉग' का अवॉर्ड 'पुष्पा इम्पॉसिबल' के खाते में गया। 'दुपहिया' को वेब कॉमेडी/म्यूजिकल/रोमांस कैटेगरी में 'बेस्ट स्टोरी' का पुरस्कार दिया गया।
बेस्ट लिरिक्स
गुलज़ार ने जीता बेस्ट लिरिक्स का पुरस्कार
वेब ड्रामा श्रेणी में स्मिता सिंह ने 'खौफ' के लिए 'बेस्ट स्टोरी' तो सुदीप शर्मा, अभिषेक बनर्जी, राहुल कनोजिया और तमाल सेन ने 'पाताल लोक- सीजन 2' के लिए 'बेस्ट स्क्रीनप्ले' का पुरस्कार अपने नाम किया। 'ब्लैक वारंट' के खाते में 'बेस्ट डायलॉग' और 'बेस्ट स्क्रीनप्ले (ड्रामा)' दोनों पुरस्कार गए, जबकि महान गीतकार गुलजार ने फिल्म 'गुस्ताख इश्क' के गाने 'हम फना' के लिए 'बेस्ट लिरिक्स' और हरनीत सिंह ने 'इत्ती सी खुशी' के लिए 'बेस्ट स्क्रीनप्ले' का अवॉर्ड जीता
चयन
700 गाने, 100 वेब सीरीज और 130 फिल्मों की स्क्रिनिंग के बाद चुने गए विजेता
SWA अवार्ड्स 2026 के चेयरमैन सिद्धांत मक्कर ने बताया कि इस साल के विजेताओं को चुनने के लिए जूरी (निर्णायक मंडल) ने लगभग 700 गानों, 80 से अधिक टेलीविजन शो, करीब 100 वेब सीरीज और 130 से ज्यादा फीचर फिल्मों का बारीकी से मूल्यांकन (जांच) किया। ये आयोजन इस बात का गवाह बना कि तकनीक चाहे जितनी बदल जाए, लेकिन भारतीय कहानीकारों की कलम और उनके लिखने का अंदाज आज भी सिनेमा जगत की असली जान है।