आदित्य धर ने चोरी 'धुरंधर 2' की स्क्रिप्ट? संतोष कुमार बोले- एंटरटेनमेंट को प्रोपेगैंडा बना दिया
क्या है खबर?
बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्डतोड़ सफलता हासिल कर रही फिल्म 'धुरंधर 2' अब एक बड़े विवाद में घिर गई है। लेखक संतोष कुमार आरएस ने फिल्म के निर्देशक आदित्य धर पर उनकी मूल पटकथा चोरी करने का गंभीर आरोप लगाया है। संतोष कुमार ने कहा कि उनकी कहानी को राजनीतिक प्रोपेगैंडा बना दिया और अब वो जल्द ही कानूनी कार्रवाई करेंगे
दावा
संतोष कुमार ने 'धुरंधर 2' को बताया अपनी कहानी
संतोष के अनुसार, फिल्म देखने के बाद उन्हें एहसास हुआ कि ये वही कहानी है, जो उन्होंने 2023 में बड़ी मेहनत से लिखी थी। उन्होंने बताया कि वो अपनी स्क्रिप्ट लेकर सोनी, ZEE, टी-सीरीज और धर्मा प्रोडक्शंस जैसी बड़ी कंपनियों के पास गए थे। उन्हें सलाह दी गई थी कि अगर वो अपनी फिल्म में बड़े सितारे चाहते हैं तो उन्हें किसी बड़े कॉर्पोरेट बैनर को साथ लाना होगा और इसी कोशिश में उन्होंने अपनी स्क्रिप्ट साझा की थी।
सबूत
सबूतों के साथ स्क्रिप्ट चोरी का दावा
संतोष अपनी इस स्क्रिप्ट के लिए आदित्य रॉय कपूर को कास्ट करना चाहते थे, जिसके लिए उन्होंने काफी कोशिशें कीं और कई लोगों को अपनी कहानी भेजी। उन्होंने दावा किया कि वो स्क्रीनराइटर्स एसोसिएशन (SWA) के सदस्य हैं और उन्होंने नवंबर, 2023 में अपनी कहानी वहां पंजीकृत कराई थी। उनके पास ईमेल बातचीत, शुरुआती स्केच और मूल स्क्रिप्ट जैसे पुख्ता सबूत मौजूद हैं। संतोष के मुताबिक, फिल्म अच्छी बनी है, लेकिन उनकी कहानी का शोषण किया गया है।
ट्विटर पोस्ट
संतोष कुमार का वीडियो यहां देखिए
🚨 Story of an UNKNOWN MAN:
— Raj (@idfcwau) March 31, 2026
claims he wrote Dhurandhar 2's script in 2023, Aditya Dhar stole it, made for entertainment, he turned it into political propaganda pic.twitter.com/CxvC79H4U7
कानूनी कार्रवाई
फिल्म पर केस कर रहे संतोष
संतोष ने बताया कि वो फिल्म पर केस कर रहे हैं, क्योंकि उन्होंने इसे मनोरंजन के लिए लिखा था, लेकिन निर्माताओं ने इसे 'राजनीतिक एजेंडा' बना दिया। उनके मुताबिक, साउथ से आने वाले कई मासूम लेखक संघर्ष करते हैं, लेकिन प्रोडक्शन हाउस उनकी मदद करने के बजाय उनकी स्क्रिप्ट कॉपी कर उसका गलत इस्तेमाल करते हैं। संतोष चाहते हैं कि जो उनके साथ हुआ, वो किसी और राइटर संग न हो। इसके लिए वो अपनी लड़ाई पूरी ताकत से लड़ेंगे।
कमाई
बॉक्स ऑफिस पर ताबड़तोड़ कमाई कर रही 'धुरंधर 2'
सैकनिल्क के आंकड़ों के अनुसार, 'धुरंधर 2' बॉक्स ऑफिस पर ऐतिहासिक कमाई कर रही है। फिल्म ने अपनी रिलीज के 12वें दिन भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 25.30 करोड़ रुपये का कारोबार किया। भारत में फिल्म का अब तक का कुल कारोबार 872.17 करोड़ रुपये हो चुका है। वैश्विक स्तर पर फिल्म ने महज 12 दिनों में 1,392.23 करोड़ रुपये की शानदार कमाई कर ली है। फिल्म के निर्देशक, निर्माता और लेखक आदित्य धर ही हैं।