LOADING...
दिल्ली में 3 दिन नहीं चलेंगे टैक्सी-ऑटो, यूनियनों ने किया हड़ताल का ऐलान
दिल्ली में 21 मई से 3 दिन तक टैक्सी-ऑटो चालकों की हड़ताल रहेगी

दिल्ली में 3 दिन नहीं चलेंगे टैक्सी-ऑटो, यूनियनों ने किया हड़ताल का ऐलान

May 19, 2026
11:25 am

क्या है खबर?

दिल्ली के टैक्सी, ऑटो चालक और ट्रांसपोर्ट यूनियनों ने ईंधन की बढ़ती कीमतों के कारण किराए में वृद्धि की मांग को लेकर 21 से 23 मई तक 3 दिवसीय हड़ताल का ऐलान किया है। इस दौरान टैक्सी, ऑटो और ट्रक सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं, जिससे लोगों को आने-जाने और माल ढुलाई में परेशानी होगी। ऑल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्ट कांग्रेस ने अपनी मांगों को लेकर दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को ज्ञापन सौंपा है।

चेतावनी 

यूनियन ने सरकार को दी यह चेतावनी 

चालक शक्ति यूनियन के उपाध्यक्ष अनुज कुमार राठौर ने कहा, "CNG, पेट्रोल और डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों के कारण मध्यम वर्ग के चालक अपने परिवारों का भरण-पोषण करने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। इसलिए, दिल्ली के अन्य संगठनों के साथ चालक शक्ति यूनियन ने 21-23 मई तक चक्का जाम का आह्वान किया है।" यूनियन ने चेतावनी दी है कि अगर, सरकार 1-2 सप्ताह के भीतर टैक्सी का किराया नहीं बढ़ाती है तो विरोध प्रदर्शन और उग्र होगा।

मांग 

यह भी रखी मांग 

यूनियनों ने टैक्सी चालकों के आर्थिक शोषण को रोकने के लिए सख्त नीतियां बनाने की भी मांग की है। ज्ञापन में कहा है कि यूनियन ने पिछले साल दिल्ली हाई कोर्ट में याचिका दायर की थी, जिसने टैक्सी चालकों की समस्याओं के समाधान और किराए में वृद्धि का निर्देश दिया था। आरोप है कि दिल्ली सरकार इस मामले में यह कहकर देरी कर रही है कि फाइल को मंजूरी के लिए उपराज्यपाल के पास भेज दिया गया है।

Advertisement