गौतम अडाणी के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप खारिज होने के बाद शेयरों में बढ़त
क्या है खबर?
डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन की ओर से अमेरिका में भारतीय उद्योगपति गौतम अडाणी के खिलाफ आपराधिक धोखाधड़ी के आरोपों को खारिज करने के अडाणी समूह की कंपनियों के शेयरों में उछाल आया है। मंगलवार (19 मई) को अडाणी एंटरप्राइजेज और अडाणी पोर्ट्स समेत अन्य कंपनियों के शेयरों में 0.13 से 2.32 फीसदी की वृद्धि दर्ज हुई है। धोखाधड़ी मामला खारिज होने से समूह के ऊपर मंडरा रही एक बड़ी कानूनी अनिश्चितता कम हो गई।
बढ़त
किस कंपनी के शेयर कितन बढ़े?
भारतीय अरबपति को मिली इस राहत के बाद अडाणी ग्रीन एनर्जी के शेयर 3.5 फीसदी बढ़कर 1,417 रुपये और अडाणी टोटल गैस के 3.3 फीसदी बढ़ने के बाद 630.40 रुपये पर पहुंच गए। साथ ही, समूह की प्रमुख कंपनी अडाणी एंटरप्राइजेज के शेयर 3 फीसदी से अधिक बढ़कर 2,774.50 रुपये पर पहुंच गए। इसके अलावा, अडाणी एनर्जी सॉल्यूशंस और अडाणी पावर के शेयरों में 2.5 फीसदी और अडाणी पोर्ट्स के शेयर में 1 फीसदी की वृद्धि दर्ज हुई।
राहत
ऐसे मिली अडाणी समूह को राहत
यह राहत तब मिली, जब अमेरिकी न्याय विभाग ने अदालत में एक याचिका दायर कर उन आपराधिक आरोपों को खारिज करने की मांग की। इसमें गौतम अडाणी और उनके सहयोगियों पर भारत में बिजली आपूर्ति अनुबंधों से जुड़े कथित रिश्वतखोरी घोटाले में शामिल होने का आरोप लगाया गया था। इसी समय, अडाणी एंटरप्राइजेज ने तरलीकृत पेट्रोलियम गैस आयात से संबंधित ईरान प्रतिबंधों के उल्लंघन के आरोपों का भी निपटारा किया, जिससे समूह पर कानूनी दबाव और कम हो गया।