क्या सलमान दिवाली पर रिलीज करना चाहते थे 'अंतिम'? यूं टला 'सूर्यवंशी' से टकराव
सलमान खान पिछले काफी समय से फिल्म 'अंतिम: द फाइनल ट्रूथ' को लेकर सुर्खियों में हैं और हों भी क्यों ना, इसमें वह अपने बहनोई आयुष शर्मा के साथ पहली बार पर्दे पर जो नजर आने वाले हैं। फिल्म की रिलीज से जुड़ीं कई जानकारियां सामने आ चुकी हैं। अब खबर है कि सलमान 'अंतिम' को दिवाली पर दर्शकों के बीच लाना चाहते थे, लेकिन रोहित शेट्टी के कहने पर उन्होंने अपना फैसला बदल दिया। आइए पूरी खबर जानते हैं।
रोहित शेट्टी ने किया था सलमान से अनुरोध
बॉलीवुड हंगामा के मुताबिक, पहले सलमान अपनी फिल्म 'अंतिम' को दिवाली के मौके पर रिलीज करने वाले थे, लेकिन इसी मौके पर रोहित शेट्टी ने अपनी फिल्म 'सूर्यवंशी' को रिलीज करने की घोषणा कर दी थी। इसके बाद रोहित शेट्टी ने सलमान से मुलाकात की और उनसे अनुरोध किया कि दिवाली पर वह अपनी फिल्म रिलीज ना करें। फिर सलमान भी इसके लिए राजी हो गए, क्योंकि वह भी 'अंतिम' का किसी बड़ी फिल्म से क्लैश नहीं चाहते थे।
'सत्यमेव जयते 2' से भी भिड़ने वाली थी 'अंतिम'
अब फिल्म 'अंतिम' 26 नवंबर को रिलीज होगी। इसी तारीख को इसकी टक्कर जॉन अब्राहम की फिल्म 'सत्यमेव जयते 2' से होने वाली थी, लेकिन अब यह टक्कर भी टल गई है। मतलब यह कि सलमान का रास्ता पूरी तरह से साफ हो गया है। दरअसल, कुछ ही दिन पहले जॉन ने ऐलान किया कि वह 25 नवंबर को 'सत्यमेव जयते 2' के साथ सिनेमाघरों में दस्तक देंगे। अब उनकी यह फिल्म 'अंतिम' से एक दिन पहले पर्दे पर आएगी।
'अंतिम' में सलमान के साथ दो-दो हाथ करेंगे आयुष
'अंतिम' हिट मराठी फिल्म 'मुलशी पैटर्न' का हिंदी रीमेक है, जिसमें सलमान खान और आयुष शर्मा एक-दूसरे के दुश्मन बने हैं। फिल्म में सलमान खान एक सिख पुलिसवाले का किरदार निभा रहे हैं, वहीं, आयुष शर्मा एक गैंगस्टर बने हैं। 'अंतिम' को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर रिलीज किया जाना था, लेकिन अब यह फिल्म थिएटर में ही रिलीज होगी। सूत्रों ने बताया कि यह एक्शन ड्रामा फिल्म सिनेमाघरों में आने के चार हफ्ते बाद OTT प्लेटफॉर्म पर आएगी।
जानिए फिल्म 'सूर्यवंशी' के बारे में
बात करें फिल्म 'सूर्यवंशी' की तो इसके जरिए रोहित शेट्टी और अक्षय कुमार पहली बार साथ आए हैं। इसमें अक्षय की जोड़ी कैटरीना कैफ के साथ बनी हैं। 'सूर्यवंशी' 3,200 स्क्रीन पर देशभर में रिलीज होने के लिए तैयार है। करण जौहर फिल्म के निर्माता हैं। रणवीर सिंह और अजय देवगन फिल्म में मेहमान भूमिका निभाने वाले हैं। जावेद जाफरी, गुलशन ग्रोवर और जैकी श्रॉफ भी इस फिल्म का हिस्सा हैं। यह फिल्म 5 नवंबर को रिलीज हो रही है।