
साउथ सिनेमा से आने वाले हैं इन 5 धांसू फिल्मों के सीक्वल, किसका चलेगा जादू?
क्या है खबर?
साउथ की कई बड़ी फिल्में सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली हैं। पिछले दिनों फिल्म 'कनप्पा' के निर्देशक विष्णु मांचू ने खुलासा किया कि वह साल 2007 में आई अपनी हिट फिल्म 'धी' का सीक्वल बनाना चाहेंगे। इसके बाद से प्रशंसकों का उत्साह चरम पर है। एक नजर साउथ की उन 5 फिल्मों पर, जिनके सीक्वल का न सिर्फ दर्शक बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, बल्कि उम्मीद जताई जा रही कि बॉक्स ऑफिस पर भी ये धमाका करने वाले हैं।
#1
'कल्कि 2898 AD 2'
नाग अश्विन के निर्देशन में बनी फिल्म के अंत में पता चला था कि इसका दूसरा भाग भी आने वाला है। फिल्म ने दुनियाभर में 1]000 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई की थी। फिल्म में प्रभास, अमिताभ बच्चन और दीपिका पादुकोण ने मुख्य भूमिका निभाई थी। दूसरे भाग को लेकर दर्शक बेहद उत्साहित हैं। पहले भाग में अमिताभ ने अश्वत्थामा का किरदार निभाकर सबको चौंका दिया था। अगली फिल्म में उनका किरदार और बड़ा होने वाला है।
#2
'पुष्पा 3'
पिछले साल अल्लू अर्जुन की फिल्म 'पुष्पा 2' ने तहलका मचा दिया था। यह सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्म है। अब 'पुष्पा' का तीसरा भाग 'पुष्पा 3: द रैम्पेज' साल 2028 में होगा। इसके आने से पहले ही उम्मीदें आसमान छू रही हैं। खबरों की मानें तो अल्लू के साथ तीसरे भाग में 'अर्जुन रेड्डी' के स्टार विजय देवरकोंडा दो-दो हाथ करते हुए नजर आ सकते हैं। वह अपने करियर में पहली बार विलेन बनने वाले हैं।
#3
'सालार: पार्ट 2-शौर्यांग पर्वम'
प्रभास की फिल्म 'सालार' 270 करोड़ रुपये के बजट में बनी थी और इसने दुनियाभर में 700 करोड़ रुपये कमाए थे। न सिर्फ सिनेमाघरों में, बल्कि यह फिल्म पूरे साल OTT पर भी छाई रही थी। फिल्म 16 फरवरी, 2024 को सिनेमाघरों में धमाल मचाने के बाद जियो हॉटस्टार पर आई थी, जो 1 साल बाद भी प्लेटफॉर्म की टॉप 10 फिल्मों में विराजमान थी। अब इसका दूसरा भाग 'सालार: पार्ट 2-शौर्यांग पर्वम' अगले साल सिनेमाघरों का रुख करेगी।
#4 और #5
'कांतारा: अ लैजेंड चैप्टर-1' और 'जय हनुमान'
'कांतारा' का प्रीक्वल 'कांतारा: चैप्टर 1' पहले से ज्यादा खतरनाक होने वाला है और अभिनेता ऋषभ शेट्टी अपने खतरनाक अवतार से फिर दर्शकों के होश उड़ाने वाले हैं। 'कांतारा' 2 अक्टूबर, 2025 को सिनेमाघरों में आएगी। उधर पिछले साल की शुरुआत में प्रशांत वर्मा ने दर्शकों को फिल्म 'हनु-मान' का तोहफा दिया, जो ब्लॉकबस्टर रही। इसमें तेजा सज्जा अहम भूमिका में दिखे। अब वह इसका सीक्वल 'जय हनुमान' लेकर आ रहे हैं। इस फिल्म के हीरो भी ऋषभ ही हैं।