
जन्मदिन विशेष: रश्मिका मंदाना की इन फिल्मों का हो रहा है बेसब्री से इंतजार
क्या है खबर?
रश्मिका मंदाना अब न सिर्फ साउथ, बल्कि बॉलीवुड में भी लोकप्रिय हो चुकी हैं। पिछली बार उन्हें हिंदी फिल्म 'मिशन मजनू' में देखा गया था। उन्हें साउथ की ब्यूटी क्वीन और नेशनल क्रश भी कहा जाता है।
रश्मिका 5 अप्रैल को अपना 27वां जन्मदिन मना रही हैं।
रश्मिका ने अपने करियर में एक बढ़कर एक फिल्मों में काम किया है। साउथ के दर्शकों के बीच उनकी गजब की दीवानगी है।
आइए उनकी आगामी बहुप्रतीक्षित फिल्मों पर एक नजर डालते हैं।
#1
'एनिमल'
फिल्म 'एनिमल' का इंतजार सिनेमाप्रेमी बड़ी बेसब्री से कर रहे हैं। फिल्म के हीरो रणबीर कपूर हैं। इसमें उनकी जोड़ी रश्मिका के साथ बनी हैं।
संदीप रेड्डी वांगा के निर्देशन में बनी इस फिल्म में अनिल कपूर, तृप्ति डिमरी और परिणीति चोपड़ा भी अहम भूमिका निभा रही हैं।
यह रश्मिका की तीसरी हिंदी फिल्म है। इससे पहले उन्हें 'गुडबाय' और 'मिशन मजनू' जैसी 2 बॉलीवुड फिल्मों में देखा जा चुका है। यह फिल्म 11 अगस्त, 2023 को सिनेमाघरों में आएगी।
#2
'पुष्पा: द रूल'
फिल्म 'पुष्पा' ने बॉक्स ऑफिस पर कमाई के कई रिकॉर्ड बनाए थे। न सिर्फ इसमें पुष्पा बने अल्लू अर्जुन को दर्शकों ने पसंद किया बल्कि श्रीवल्ली के रूप में रश्मिका की भी खूब तारीफ हुई थी।
170 करोड़ रुपये के बजट में बनी 'पुष्पा' ने बॉक्स ऑफिस पर 300 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार किया था।
अब इसका सीक्वल 'पुष्पा: द रूल' बनने जा रहा है। इसमें एक बार फिर अल्लू और रश्मिका की जोड़ी धमाल मचाने आ रही है।
#3
वेंकी कुदुमुला की फिल्म
रश्मिका साउथ के जाने-माने निर्देशक वेंकी कुदुमुला की अगली फिल्म को लेकर भी चर्चा में हैं। फिल्म के नाम की घोषणा अभी नहीं हुई है।
फिलहाल वह इसकी शूटिंग कर रही हैं। नितिन इस फिल्म के लीड हीरो हैं।
यह फिल्म मैत्री मूवी मेकर्स के बैनर तले बन रही है। बता दे कि वेंकी ने ही फिल्म 'चलो' से रश्मिका को तेलुगु सिनेमा के दर्शन कराए थे।
दोनों ने साथ मिलकर 'भीष्मा' जैसी हिट फिल्म भी दी थी।
#4
'रेनबो'
'रेनबो' इसलिए खास है, क्योंकि यह रश्मिका के करियर की पहली महिला केंद्रित फिल्म है।
उन्होंने पिछले दिनों सोशल मीडिया पर फिल्म' का पोस्टर साझा कर लिखा, 'रेनबो... जीवन के विभिन्न रंग। यह मेरे लिए बेहद खास है। मुझे उम्मीद है कि मुझे आपका आशीर्वाद और प्यार मिलेगा। आशा करती हूं कि यह मेरा अगला पसंदीदा किरदार बने।'
रश्मिका ने बताया कि वह वह ऐसी कहानी से जुड़कर बहुत खुश हैं, जिसे महिला के नजरिए से शूट किया गया है।
जानकारी
न्यूजबाइट्स प्लस
रश्मिका तेलुगु और कन्नड़ फिल्मों के लिए मशहूर हैं। उन्होंने 2016 में कन्नड़ फिल्म 'किरिक पार्टी' से अपना एक्टिंग करियर शुरू किया, जो उस साल की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों में शुमार थी। रश्मिका 4 SIIMA और 1 फिल्मफेयर पुरस्कार जीत चुकी हैं।