Page Loader
रणवीर सिंह काे सिनेमा में योगदान के लिए 'रेड सी अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव' में मिलेगा सम्मान
रणवीर सिंह को मिलेगा ये खास सम्मान

रणवीर सिंह काे सिनेमा में योगदान के लिए 'रेड सी अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव' में मिलेगा सम्मान

Nov 27, 2023
06:48 pm

क्या है खबर?

अभिनेता रणवीर सिंह आए दिन किसी न किसी वजह से चर्चा में बने रहते हैं। पिछली बार उन्हें फिल्म 'रॉकी और रानी की प्रेम कहानी' में देखा गया था, जिसमें उनका अवतार और अभिनय दर्शकों को बेहद पसंद आया। उनकी इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर भी शानदार प्रदर्शन किया। अब रणवीर के नाम एक और उपलब्धि जुड़ गई है। दरअसल, उन्हें रेड सी अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में एक खास सम्मान से सम्मानित किया जाएगा।

उपलब्धि

रणवीर के साथ और कौन होगा सम्मानित?

रणवीर को आगामी रेड सी अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में सिनेमा की दुनिया में अपना अहम योगदान देने के लिए यह सम्मान मिलेगा। वैरायटी की एक रिपोर्ट के मुताबिक, उनके साथ-साथ जर्मन अभिनेत्री डायने क्रूगर और सऊदी अभिनेता-लेखक अब्दुल्ला अल-साधन को भी सम्मानित किया जाएगा। यह महोत्सव सऊदी अरब के जेद्दा में आयोजित होगा। इस साल समारोह के जूरी पैनल में भारतीय अभिनेत्री फ्रीडा पिंटो भी शामिल होंगी। कुछ ही दिन पहले उनका नाम सामने आया था।

जानकारी

30 नवंबर से शुरू होगा महोत्सव

रेड सी फिल्म फाउंडेशन के CEO मोहम्मद अल-तुर्की ने एक बयान में कहा, "इस साल हम बॉलीवुड के 'आइकन' रणवीर सिंह को सम्मानित कर रहे हैं।" यह महोत्सव 30 नवंबर को शुरू होगा और 9 दिसंबर तक चलेगा। इसकी शुरुआत 2019 में हुई थी।

स्क्रीनिंग

महोत्सव में दिखाई जा चुकी है रणवीर की फिल्म '83'

पिछली बार रणवीर अपनी पत्नी दीपिका पादुकोण के साथ इस महोत्सव में शामिल हुए थे। उस वक्त वहां उनकी फिल्म '83' की स्क्रीनिंग हुई थी और दोनों ने जमकर अपनी इस फिल्म का प्रचार-प्रसार किया था। दोनों का उनके प्रशंसकों ने बड़े प्यार और गर्मजोशी से स्वागत किया था। प्रियंका चोपड़ा से लेकर शाहरुख खान, सोनम कपूर और विद्या बालन जैसे बॉलीवुड के तमाम कलाकार रेड सी फिल्म महोत्सव में चार चांद लगा चुके हैं।

सम्मान

5 फिल्मफेयर पुरस्कार भी जीत चुके हैं रणवीर 

रणवीर ने आदित्य चोपड़ा की फिल्म 'बैंड बाजा बारात' से अपने अभिनय करियर की शुरुआत की थी और खास बात यह है कि अपनी पहली ही फिल्म से उन्होंने दर्शकों को अपना दीवाना बना दिया था। इस फिल्म के लिए उन्होंने सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का फिल्मफेयर पुरस्कार अपने नाम किया था। इसके अलावा 'बाजीराव मस्तानी', 'पद्मावत', 'गली बॉय' और '83' के लिए भी वह फिल्मफेयर पुरस्कार जीत चुके हैं। इन सभी फिल्मों में रणवीर का अभिनय देखने लायक था।

आगामी फिल्में

अभिनेता की ये 2 फिल्में चर्चा में

रणवीर काफी समय से फिल्म 'डॉन 3' को लेकर सुर्खियों में हैं। जब फरहान अख्तर ने इसमें उनके नाम का ऐलान किया तो जहां अभिनेता के प्रशंसक फूले नहीं समाए, वहीं कुछ लोग ऐसे थे, जो उन्हें डॉन के रूप में देखने के लिए तैयार नहीं थे। हालांकि, फरहान को पूरा भरोसा है कि रणवीर 100 फीसदी इस भूमिका पर खरे उतरेंगे। रणवीर, रोहित शेट्टी की फिल्म 'सिंघम अगेन' में भी नजर आएंगे, जिससे उनकी झलक सामने आ चुकी है।

पोल

आपके हिसाब से रणवीर सिंह अभिनीत कौन-सी फिल्म बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचाएगी?