Page Loader
रणवीर सिंह की 'सर्कस' बॉक्स ऑफिस पर औंधे मुंह गिरी, रविवार को किया महज इतना कलेक्शन 
रणवीर सिंह की 'सर्कस' का कलेक्शन

रणवीर सिंह की 'सर्कस' बॉक्स ऑफिस पर औंधे मुंह गिरी, रविवार को किया महज इतना कलेक्शन 

Dec 26, 2022
01:01 pm

क्या है खबर?

रणवीर सिंह, वरुण शर्मा, जैकलीन फर्नांडिस और पूजा हेगड़े की फिल्म 'सर्कस' इस शुक्रवार सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। रोहित शेट्टी द्वारा निर्देशित इस फिल्म से मेकर्स को उम्मीद थी कि यह बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन करेगी, लेकिन 'सर्कस' फ्लॉप साबित हो रही है। इस फिल्म का अपनी रिलीज के पहले दिन ही दम निकल गया था। शुक्रवार को 6.25 करोड़ रुपये की कमाई करने के बाद फिल्म ने शनिवार को 6.4 करोड़ रुपये का कारोबार किया है।

कलेक्शन

रविवार को फिल्म ने कमाए 7.40 करोड़ रुपये

'सर्कस' को सिनेमाघरों में रिलीज हुए तीन दिन बीत चुके हैं। ओपनिंग डे से ही 'सर्कस' का कलेक्शन काफी कम रहा। हालांकि, दूसरे और तीसरे दिन फिल्म की कमाई में थोड़ा सा उछाल देखने को मिला। अब फिल्म की रविवार की कमाई सामने आ चुकी है। शुरुआती आंकड़ों के अनुसार, फिल्म ने रविवार को 7.40 करोड़ की कमाई की है। बॉलीवुड के बड़े-बड़े अभिनेताओं की अदाकारी से सजी यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह पिटी है।

सर्कस

रोहित शेट्टी ने 'अंगूर' से प्रेरित होकर बनाई यह फिल्म

फिल्म ने तीन दिनों में मात्र 20.05 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है। वीकेंड की कमाई के आंकड़े देखकर तो लग रहा है कि इस फिल्म कि लिए अपनी लागत निकाल पाना भी मुश्किल है। रणवीर और रोहित की 'सिम्बा' और 'सूर्यवंशी' हिट रही थी, लेकिन 'सर्कस' में इस जोड़ी ने पूरी तरह निराश किया है। रोहित शेट्टी ने गुलजार जैसे दिग्गज निर्देशक की 'अंगूर' से प्रेरित होकर यह फिल्म बनाई है।

रोहित शेट्टी

देखें रणवीर की पिछली फिल्मों का प्रर्दशन

आइए रणवीर की 'सर्कस' से पहले रिलीज हुई 5 फिल्मों का बॉक्स ऑफिस रिकॉर्ड देखते हैं। रणवीर 'सर्कस' से पहले यशराज बैनर तले बनी फिल्म 'जयेशभाई जोरदार' में नजर आए थे। 86 करोड़ में बनी फिल्म ने कुल 15.59 करोड़ रुपये की कमाई की थी। इसके बाद वह 1983 क्रिकेट वर्ल्ड कप की कहानी पर बुनी रणवीर की '83' साल 2021 में रिलीज हुई। 270 की लागत में बनी इस फिल्म ने 109.02 करोड़ रुपये की कमाई की।

बॉक्स ऑफिस कलेक्शन

यहां देखें बाकी फिल्मों का कारोबार

साल 2018 में रिलीज हुई रणवीर की फिल्म 'गली बॉय' ब्लॉकबस्टर साबित हुई थी। महज 60 से 70 करोड़ में बनी इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 140.25 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था। 2019 में रणवीर की 'सिंबा' ने सिनेमाघरों में दस्तक देते ही धमाका कर दिया था। 80 करोड़ में बनी इस फिल्म ने 240 करोड़ रुपये का कारोबार किया। वहीं, 180-190 बजट में बनी संजय लीला भंसाली की फिल्म 'पद्मावत' ने 302.15 करोड़ रुपये का कारोबार किया।

वर्कफ्रंट

इन फिल्मों में नजर आएंगे रणवीर सिंह

वहीं, दूसरी ओर रणवीर के वर्कफ्रंट की बात करें तो वह करण जौहर की अगली निर्देशित फिल्म 'रॉकी ​​और रानी की प्रेम कहानी' में नजर आएंगे। यह फिल्म 28 अप्रैल, 2023 में सिनेमाघरों में दस्तक देगी। फिल्म में अभिनेता के अलावा आलिया भट्ट, जया बच्चन, शबाना आजमी और धर्मेंद्र मुख्य भूमिका में हैं। इसके अलावा, वह दक्षिण निर्देशक शंकर की अपकमिंग तमिल ब्लॉकबस्टर फिल्म 'अन्नियन' की आधिकारिक रीमेक में भी दिखाई देंगे।