प्रभास ने जन्माष्टमी पर शेयर किया फिल्म 'राधे श्याम' का नया पोस्टर
क्या है खबर?
प्रभास और पूजा हेगड़े की फिल्म 'राधे श्याम' का प्रशंसकों को बेसब्री से इंतजार है और हो क्यों ना, इसके जरिए एक बार फिर लंबे समय बाद प्रभास का पर्दे पर रोमांटिक अवतार जो दिखने वाला है।
अब जन्माष्टमी के खास मौके पर प्रभास ने अपनी इस फिल्म का नया पोस्टर जारी किया है, जो दर्शकों को बेहद पसंद आ रहा है। इसने फैंस का उत्साह और बढ़ा दिया है।
प्रभास ने अपने पोस्ट में क्या लिखा, आइए जानते हैं।
पोस्टर
छह भाषाओं में जारी हुआ फिल्म का पोस्टर
'राधे श्याम' के पोस्टर को प्रभास ने इंस्टाग्राम पर शेयर किया है। इसे तमिल, तेलुगु, कन्नड़, मलयालम, हिंदी और अंग्रेजी यानी छह भाषाओं में जारी किया गया है।
पोस्टर को कुछ ही देर में लाखों लाइक्स मिल चुके हैं। यह पोस्टर किसी फेयरीटेल से कम नहीं लग रहा है।
प्रभास ने इसे शेयर कर लिखा, 'राधे श्याम के भव्य पोस्टर के साथ जन्माष्टमी का जश्न मनाएं। उनके इस पोस्ट पर फैंस खूब प्रतिक्रिया दे रहे हैं।
जानकारी
अगले साल 14 जनवरी को रिलीज होगी फिल्म
इस फिल्म की प्रेम कहानी 1970 के दशक की है। इटली, जॉर्जिया और हैदराबाद में बड़े पैमाने पर फिल्म की शूटिंग हुई है।
निर्देशक राधा कृष्ण कुमार ने कहा, "हमने बहुत मेहनत की है और यह सुनिश्चित करने में कोई कसर नहीं छोड़ी है कि हम दर्शकों को एक ऐसा नाटकीय अनुभव दें, जिसे वे कभी नहीं भूलेंगे।"
उन्होंने कहा, "राधे श्याम 14 जनवरी, 2022 को सिनेमाघरों में आएगी। हम जन्माष्टमी पर फिल्म का पोस्टर पेश कर बहुत खुश हैं।"
जानकारी
फिल्म में पूजा हेगड़े बनी हैं प्रभास की जोड़ीदार
फिल्म में प्रभास की जोड़ी पूजा हेगड़े के साथ बनी है। इसमें सचिन खेडेकर, भाग्यश्री, प्रियदर्शी, मुरली शर्मा, साशा चेत्री और कुणाल रॉय कपूर भी नजर आएंगे।
प्रभास लंबे समय बाद किसी रोमांटिक ड्रामा फिल्म में दिखने वाले हैं। इसे भूषण कुमार, वामसी और प्रमोद ने मिलकर बनाया है। फिल्म में प्रभास के कपड़ों पर लगभग छह करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं।
पिछले महीने प्रभास ने फिल्म का नया पोस्टर शेयर कर इसकी रिलीज डेट का ऐलान किया था।
फिल्में
इन फिल्मों में भी नजर आएंगे प्रभास और पूजा
प्रभास फिल्म 'आदिपुरुष' में भगवान राम का किरदार निभाने वाले हैं। वह एक्शन थ्रिलर फिल्म 'सालार' में काम कर रहे हैं।
प्रभास निर्देशक नाग अश्विन की साइंस फिक्शन फिल्म और 'रैम्बो' के हिंदी रीमेक से जुड़े हैं। सिद्धार्थ आनंद की फिल्म में प्रभास एक रॉ एजेंट की भूमिका निभाएंगे।
दूसरी तरफ पूजा फिल्म 'मोस्ट एलिजिबल बैचलर' और 'आचार्य' में काम कर रही हैं। वह सलमान खान के साथ फिल्म 'भाईजान' और रणवीर सिंह के साथ फिल्म 'सर्कस' में दिखाई देंगी।