देव आनंद ही नहीं, इन सितारों का भी रहा पाकिस्तान से नाता, भारत में कमाया नाम
क्या है खबर?
करोड़ों दिलों पर राज करने वाले दिग्गज अभिनेता देव आनंद की 26 सितंबर को 100वीं जयंती है। लिहाजा वह खबरों में छाए हुए हैं।
उनका जन्म 1923 में गुरदासपुर (पाकिस्तान का नारोवाला जिला) में हुआ था। उसके बाद उनके परिवार ने भारत का रुख कर लिया था।
पाकिस्तान से जुड़े जिन सितारों ने बॉलीवुड में खूब नाम कमाया, उनमें से एक देव भी हैं।
आइए जानते हैं उनके अलावा ऐसे कौन-से बॉलीवुड सितारे हैं, जिनका पाकिस्तान से ताल्लुक रहा है।
#1
अमिताभ बच्चन
अमिताभ बच्चन की जड़ें भी पाकिस्तान से जुड़ी हैं। सुपरस्टार की मां तेजी बच्चन का जन्म पंजाब के लयालपुर में हुआ था, जो अब फैसलाबाद है। उनकी मां लाहौर के एक कॉलेज में पढ़ाती थीं। तेजी सिख परिवार से ताल्लुक रखती थीं।
वह भारत की पहली महिला प्रधानमंत्री दिवंगत इंदिरा गांधी की काफी करीबी दोस्त थीं। उन्हें अक्सर इंदिरा के साथ देखा जाता था।
उनके पिता सरदार खजान सिंह थे, जिन्होंने बतौर बैरिस्टर पंजाब में सेवा दी थी।
#2
दिलीप कुमार
इस फेहरिस्त में दिलीप कुमार का नाम भी शामिल है।
दिलीप कुमार का असली नाम युसुफ खान था। उनका जन्म पेशावर में हुआ था। दिलीप का पाकिस्तान के पेशावर के किस्सा खवानी बाजार में पुश्तैनी मकान था।
उस पुश्तैनी घर में दिलीप ने अपना बचपन बिताया था। कुछ ही महीनों पहले पाकिस्तान में मौजूद उनके बंगले को संग्रहालय में तब्दील करने का फैसला किया गया था।
दिलीप के इस घर को 2013 में राष्ट्रीय स्मारक घोषित किया गया था।
#3
राज कपूर
बॉलीवुड के 'शो मैन' राज कपूर का जन्म पकिस्तान के पेशावर में हुआ था। जिस हवेली में वह पैदा हुए थे, वह करीब 100 साल पुरानी हो चुकी है।
यह हवेली पेशावर के धक्की मुनावर शाह में है। कपूर खानदान की यह हवेली 6 मंजिला थी। इसे 1918 में पृथ्वीराज कपूर (राज कपूर के पिता) के पिता बसेश्वरनाथ कपूर ने बनवाया था।
1947 में भारत-पाक बंटवारे के बाद कपूर परिवार हवेली छोड़कर मुंबई बस गया था।
#4
शाहरुख खान
शाहरुख खान के रिश्तेदार अभी भी पाकिस्तान में ही बसे हुए हैं।
दरअसल, शाहरुख के पिता मीर ताज मोहम्मद पेशावर, पाकिस्तान में आजादी के आंदोलन का हिस्सा थे। वह भारत के सबसे युवा स्वतंत्रता सेनानियों में से एक थे। खुद शाहरुख ने यह बताया था।
1947 में भारत-पाक विभाजन के दौरान शाहरुख के पिता दिल्ली आ गए थे, जबकि चाचा पाकिस्तान में ही रह गए थे।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 1978 में शाहरुख पहली बार पेशावर गए थे।
#5
सुनील दत्त
सुनील दत्त का जन्म पाकिस्तान के खुर्द गांव में हुआ था। वह महज 5 साल के थे, जब उनके पिता दीवान रघुनाथ दत्त का निधन हो गया था।
जब वह 18 साल के थे तो उन्हें भारत-पाकिस्तान विभाजन का दंश झेलना पड़ा। विभाजन के बाद सुनील अपने परिवार सहित हरियाणा के यमुना नगर स्थित मंडोली गांव में आकर बस गए।
सुनील ने बतौर रेडियो जॉकी अपने करियर की शुरुआत की और फिर फिल्मी दुनिया में अपनी सफलता का झंडा लहराया।
#6 और #7
प्रेम चोपड़ा और अमरीश पुरी
हिंदी फिल्मों में अपनी अलग पहचान बना चुके प्रेम चोपड़ा के अभिनय का भी कोई तोड़ नहीं। वह पाकिस्तान के लाहौर में जन्मे थे।
उनका परिवार भारत-पाकिस्तान विभाजन के बाद शिमला, हिमाचल प्रदेश में बस गया था, जहां वह पले-बढ़े।
प्रेम ने जब फिल्मी दुनिया में कदम रखा था तो उन्होंने यह कभी सोचा भी नहीं था कि एक दिन वह हिंदी सिनेमा के बड़े खलनायक बन जाएंगे।
अमरीश पुरी का जन्म भी पाकिस्तान के लाहौर में हुआ था।
पोल