Page Loader
320 करोड़ रुपये में बिके फिल्म 'KGF: 2' के OTT राइट्स
कितने में बिके 'KGF: 2' के OTT राइट्स?

320 करोड़ रुपये में बिके फिल्म 'KGF: 2' के OTT राइट्स

May 06, 2022
09:15 pm

क्या है खबर?

साउथ सुपरस्टार यश की फिल्म 'KGF: 2' को लेकर दर्शकों में गजब की दीवानगी देखने को मिली है। इस फिल्म ने सिनेमाघरों में एक के बाद एक कई रिकॉर्ड धवस्त कर दिए हैं। थिएट्रिकल रिलीज के बाद फिल्म बहुत जल्द OTT प्लेटफॉर्म पर आने वाली है। अब ऐसी चर्चा है कि इस फिल्म के OTT राइट्स भारी-भरकम कीमत पर बिके हैं। खबरों की मानें तो 320 करोड़ रुपये में फिल्म के OTT राइट्स का सौदा किया गया है।

रिपोर्ट

दिग्गज स्ट्रीमिंग कंपनी ने खरीदे राइट्स

टाइम्स ऑफ इंडिया के मुताबिक, 'KGF: 2' के OTT राइट्स को 320 करोड़ रुपये के आकर्षक कीमत पर बेच दिया गया है। हालांकि, इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। एक दिग्गज स्ट्रीमिंग कंपनी ने इसके राइट्स खरीदे हैं। जो दर्शक सिनेमाघरों में इस ब्लॉकबस्टर फिल्म का लुत्फ नहीं उठा पाए हैं, वे इसे घर बैठे OTT पर देख पाएंगे। यह फिल्म 14 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी।

रिलीज डेट

27 मई को अमेजन प्राइम पर आ सकती है फिल्म- रिपोर्ट

बॉलीवुड हंगामा की एक रिपोर्ट में दावा किया गया था कि यह फिल्म 27 मई को अमेजन प्राइम वीडियो पर प्रसारित होगी। इस फिल्म को हिंदी, कन्नड़, तेलुगु, तमिल और मलयालम भाषाओं में OTT पर रिलीज किया जाएगा। यह 2018 में आई फिल्म 'KGF चैप्टर 1' का सीक्वल है। फिल्म को कन्नड़ में बनाया गया था, जबकि यह तमिल, तेलुगु और हिंदी भाषाओं में डब हुई। यह ऑरिजनल फिल्म भी अमेजन प्राइम वीडियो पर उपलब्ध है।

रिकॉर्ड

'KGF: 2' ने तोड़े कमाई के कई रिकॉर्ड

'KGF: 2' ने दुनियाभर में 1,000 करोड़ रुपये से अधिक बटोरे हैं। यह 1,000 करोड़ रुपये के क्लब में शामिल होने वाली चौथी भारतीय फिल्म है। फिल्म ने अपने ओपनिंग वीकेंड पर 'बाहुबली 2' के ग्लोबल कलेक्शन को मात दे दी। फिल्म ने अपने ओपनिंग वीकेंड में 552 करोड़ रुपये कमाए, जबकि 'बाहुबली 2' 526 करोड़ रुपये ही कमा पाई थी। फिल्म के हिंदी वर्जन ने भारत में सबसे बड़ी ओपनिंग पाने वाली फिल्म का तमगा हासिल किया है।

फिल्म

'KGF: 2' में यश ने रॉकी भाई बनकर जीता दर्शकों का दिल

'KGF: 2' में यश ने रॉकी भाई बनकर लोगों का दिल जीत लिया। इसका निर्देशन प्रशांत नील ने किया है। फिल्म का लेखन भी उन्होंने ही किया है। फिल्म में संजय दत्त और रवीना टंडन भी नजर आए हैं। दो दशक बाद यह जोड़ी साथ दिखी। इसमें मालविका अविनाश और श्रीनिधि शेट्टी दिखी हैं। फिल्म को कन्नड़, हिंदी, तमिल, तेलुगु और मलयालम में रिलीज किया गया। अब उम्मीद है कि OTT पर भी यह फिल्म दर्शकों को पसंद आएगी।

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस (फैक्ट)

'KGF: 2' में संजय के लुक को काफी पसंद किया गया है। खबरों की मानें तो संजय को फिल्म की शूटिंग के लिए प्रतिदिन 25 किलो का भारी कवच पहनना पड़ता था। इस लिहाज से उनके लिए फिल्म की शूटिंग काफी चुनौतीपूर्ण रही।